Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चार महीने बाद गूंजेंगी शहनाइयां, 20 नवंबर से शुरू होंगे शादी और मांगलिक कार्य

सीहोर में चार महीने से मांगलिक आयोजनों का इंतजार कर रहे परिवारों के घरों में अब खुशियों की दस्तक होने वाली है। देवशयनी एकादशी से थमे विवाह और शुभ संस्कारों के आयोजन देवउठनी एकादशी के साथ फिर शुरू हो जाएंगे।
चार महीने बाद गूंजेंगी शहनाइयां, 20 नवंबर से शुरू होंगे शादी और मांगलिक कार्य
चार महीने बाद गूंजेंगी शहनाइयां

सीहोर। मंदिरों में घंटियां गूंजेंगी, आंगनों में मंगल गीत सुनाई देंगे और विवाह समारोहों में शहनाइयों की मधुर धुन माहौल को उल्लास से भर देगी। ज्योतिषाचार्य पंडित गणेश शर्मा के अनुसार 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास की अवधि पूर्ण होगी और भगवान विष्णु पुनः सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालेंगे।

चार माह बाद योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु

पंडित शर्मा ने बताया कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से जगतपाल भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस अवधि में भगवान शिव सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालते हैं। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और पुनः शुभ एवं मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त होता है।

ये भी पढ़ें: सीहोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से मनमानी वसूली! ₹1 रुपए की जगह लिए जा रहे ₹5 रुपए

तुलसी-शालिग्राम विवाह के बाद गूंजेंगी शहनाइयां

देवउठनी एकादशी का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व विशेष है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना के साथ कई परिवारों में तुलसी और शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया जाता है। इसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। पंडित शर्मा के अनुसार तुलसी विवाह के उपरांत सगाई, विवाह, गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत और जनेऊ संस्कार सहित अन्य शुभ अनुष्ठान विधिवत प्रारंभ हो जाएंगे। जिन परिवारों में लंबे समय से विवाह की तैयारियां और रिश्तों की बातचीत चल रही थी, उनके लिए भी यह समय विशेष उत्साह लेकर आएगा।

नवंबर और दिसंबर में इन तारीखों पर शुभ मुहूर्त

पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि नवंबर माह में 21, 22, 24, 25, 26 और 30 नवंबर को मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त रहेंगे। इसी प्रकार दिसंबर माह में 2, 3, 4, 5, 6, 9, 10, 11 और 12 दिसंबर को शुभ कार्य किए जा सकेंगे। इन तिथियों पर विवाह सहित विभिन्न मांगलिक आयोजन किए जा सकते हैं। हालांकि किसी भी संस्कार या विवाह का अंतिम मुहूर्त तय करते समय स्थानीय पंचांग और वर-वधू की कुंडली के अनुसार विचार करना उचित रहेगा।

16 दिसंबर से फिर थमेगी मांगलिक कार्यों की रफ्तार

खुशियों और मांगलिक आयोजनों का यह सिलसिला फिलहाल दिसंबर के मध्य तक ही रहेगा। पंडित शर्मा ने बताया कि 16 दिसंबर को भगवान सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ धनु संक्रांति और खरमास प्रारंभ होगा। शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। इस अवधि को पूजा-पाठ, जप, तप, ध्यान और आध्यात्मिक साधना के लिए श्रेष्ठ माना गया है। मकर संक्रांति पर सूर्य के मकर राशि में प्रवेश और खरमास की समाप्ति के बाद ही फिर से मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होगी।

Breaking News

आस्था के साथ खुशियों का नया अध्याय

देवउठनी एकादशी केवल धार्मिक परंपरा का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जीवन में नई उमंग का संदेश भी लेकर आती है। चार महीने से शुभ आयोजनों की प्रतीक्षा कर रहे परिवार अब विवाह और संस्कारों की तैयारियों में जुटेंगे। घरों में मंगल गीतों की गूंज, रिश्तेदारों का मिलन और उत्सवों की रौनक एक बार फिर दिखाई देगी। मान्यता है कि भगवान विष्णु के जागरण के साथ जीवन में शुभता, सुख-समृद्धि और मंगल कार्यों का नया अध्याय आरंभ होता है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts