Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मध्यप्रदेश में सांची दूध 4 रुपए प्रति लीटर महंगा, 14 नवंबर से नई दरें लागू; भोपाल में रोज बिकता है 3 लाख लीटर

मध्यप्रदेश में सांची पैक्ड दूध की कीमत 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ गई है। नई दरें 14 नवंबर से लागू होंगी। अमूल के बाद अब मदर डेयरी भी प्रदेश में दाम बढ़ा सकती है।
मध्यप्रदेश में सांची दूध 4 रुपए प्रति लीटर महंगा, 14 नवंबर से नई दरें लागू; भोपाल में रोज बिकता है 3 लाख लीटर
मध्यप्रदेश में सांची दूध 4 रुपए प्रति लीटर महंगा

भोपाल। मध्यप्रदेश में अमूल के बाद अब सांची ने भी पैक्ड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। सांची का दूध 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। नई दरें 14 नवंबर यानी शनिवार से लागू होंगी। भोपाल के अलावा इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड के दुग्ध संघों ने भी कीमतें बढ़ाई हैं। पैकिंग मटेरियल और ट्रांसपोर्ट की लागत बढ़ने को कीमतों में इजाफे की वजह बताया गया है। दुग्ध संघों के मुताबिक वित्तीय स्थिति संतुलित बनाए रखने के लिए पैक्ड दूध के उपभोक्ता मूल्य में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।

भोपाल में सांची की रोजाना 3 लाख लीटर बिक्री

मध्यप्रदेश में पैक्ड दूध की खपत के मामले में सांची सबसे आगे है। भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर के बीच है। वहीं पैकेट वाले दूध में सांची की औसतन 3 लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है। इसके मुकाबले अमूल की रोजाना खपत करीब 80 हजार लीटर है। सांची और अमूल के अलावा शहर में सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बिक्री होती है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब 1 लाख लीटर प्रतिदिन है। इन दोनों ब्रांड की सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी होती है, जबकि मदर डेयरी का दूध मुख्य रूप से शहर में सप्लाई किया जाता है।

अमूल ने पहले ही बढ़ा दिए थे दूध के दाम

अमूल ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। इसके बाद अमूल गोल्ड के एक लीटर पैकेट की कीमत 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए हो गई है। वहीं अमूल फ्रेश का एक लीटर पैकेट अब 57 रुपए के बजाय 59 रुपए में मिल रहा है। अमूल की कीमतों में बढ़ोतरी के अगले दिन यानी 13 नवंबर को सांची ने भी दाम बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। सांची की नई दरें 14 नवंबर से लागू होंगी। इस फैसले का असर प्रदेश के उन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जो रोजाना पैकेट वाला दूध खरीदते हैं।

मदर डेयरी भी बढ़ा सकती है कीमतें

सांची और अमूल के बाद अब मदर डेयरी की कीमतों को लेकर भी चर्चा है। कंपनी ने नई दिल्ली में दूध के दाम बढ़ाए हैं लेकिन मध्यप्रदेश में फिलहाल कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि प्रदेश में सांची और अमूल के बाद मदर डेयरी भी दूध महंगा कर सकती है।

अमूल और मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, आज से 4 रुपए तक बढ़े दाम; जानें नई कीमतें

मध्यप्रदेश में रोजाना डेढ़ लाख लीटर दूध की सप्लाई

मध्यप्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। इसमें से भोपाल में लगभग 25 हजार लीटर दूध की खपत होती है। कंपनी की सप्लाई भोपाल के अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी होती है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts