Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुबई एयरपोर्ट ने स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोकी, ₹35.85 करोड़ बकाया; 4 फ्लाइट्स रद्द

दुबई एयरपोर्ट ने करीब 35.85 करोड़ रुपए बकाया होने पर स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं रोक दीं। इसके चलते भारत आने वाली चार उड़ानें रद्द हुईं और सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए।
दुबई एयरपोर्ट ने स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोकी, ₹35.85 करोड़ बकाया; 4 फ्लाइट्स रद्द
दुबई एयरपोर्ट ने स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोकी

दुबई। आर्थिक संकट से जूझ रही भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दुबई एयरपोर्ट प्रशासन ने करीब 35.85 करोड़ रुपए का बकाया नहीं चुकाने पर एयरलाइन की चेक-इन सेवाएं रोक दी हैं। इस कार्रवाई के चलते 12 नवंबर को दुबई से दिल्ली, मुंबई, जयपुर और अमृतसर आने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इससे सैकड़ों यात्री दुबई एयरपोर्ट पर फंस गए। वहीं, यात्रियों को समय पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी नहीं देने पर दुबई की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने स्पाइसजेट के स्टेशन मैनेजर को भी तलब किया।

13 अक्टूबर के बाद एयरपोर्ट को नहीं किया भुगतान

दुबई एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दुबई एयरपोर्ट ने सोमवार को ही स्पाइसजेट को बकाया भुगतान को लेकर चेतावनी दी थी। एयरलाइन पर एयरपोर्ट प्रशासन और ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनी 'dnata' का करीब 35.85 करोड़ रुपए बकाया था। बताया गया कि स्पाइसजेट ने 13 अक्टूबर के बाद से एयरपोर्ट को कोई भुगतान नहीं किया था। एयरपोर्ट प्रशासन ने एयरलाइन को स्पष्ट कर दिया था कि यदि 12 नवंबर तक पूरा बकाया नहीं चुकाया गया, तो यात्रियों की चेक-इन सर्विस बंद कर दी जाएगी। तय समय सीमा बीतने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर गुरुवार को यह कार्रवाई कर दी गई।

दो लेट फ्लाइट्स को ही उड़ान भरने की अनुमति

चेक-इन सेवाएं बंद होने के बावजूद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पाइसजेट की दो लेट फ्लाइट्स को उड़ान भरने की अनुमति दी। इनमें अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट SG-5115 और दिल्ली जाने वाली फ्लाइट SG-5106 शामिल थीं। ये दोनों विमान चेक-इन सेवाएं बंद होने के तय समय से पहले उड़ान भरने वाले थे, लेकिन देरी के कारण एयरपोर्ट पर ही रुके हुए थे। प्रशासन ने इन्हें जाने की अनुमति तो दी, लेकिन साफ कर दिया कि पूरा बकाया जमा होने तक एयरलाइन की बाकी उड़ानों के लिए चेक-इन सुविधा बंद रहेगी।

स्टेशन मैनेजर ने बाकी उड़ानें रद्द करने के दिए निर्देश

एयरपोर्ट प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्पाइसजेट के दुबई स्टेशन मैनेजर ने अपनी टीम को ईमेल भेजा। इसमें अहमदाबाद और दिल्ली की दो लेट फ्लाइट्स को छोड़कर दुबई से जाने वाली बाकी सभी उड़ानें रद्द करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद 12 नवंबर को दुबई से अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली आने वाली चार उड़ानें रद्द कर दी गईं। बाद में इन विमानों को यात्रियों के बिना ही खाली भारत वापस लाने का फैसला किया गया। विमानन क्षेत्र में इस तरह की उड़ान को फेरी सर्विस कहा जाता है।

यात्रियों को सूचना नहीं देने पर एविएशन अथॉरिटी नाराज

चेक-इन सर्विस बंद होने के बावजूद यात्रियों को समय पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी नहीं दी गई। इस पर दुबई की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने स्पाइसजेट के स्टेशन मैनेजर को तलब किया और नाराजगी जताई। 12 नवंबर को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल के मुताबिक स्टेशन मैनेजर ने अपनी टीम को बताया कि प्रशासन ने एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने या उनके ठहरने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों को हुई परेशानी को देखते हुए एयरलाइन को जरूरी इंतजाम करने के लिए कहा गया।

यूरोप में 15 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी, हवा में अटकी सांसें! फ्रांस ने भेजे फाइटर जेट, कई फ्लाइट्स डायवर्ट

फरवरी के बाद से तिमाही नतीजे जारी नहीं किए

स्पाइसजेट की आर्थिक स्थिति पहले से ही दबाव में है। कंपनी ने फरवरी में अपने तिमाही वित्तीय नतीजे जारी किए थे लेकिन इसके बाद से अगले तिमाही नतीजों की घोषणा नहीं की है। दुबई एयरपोर्ट पर बकाया भुगतान को लेकर हुई कार्रवाई ने एयरलाइन की वित्तीय स्थिति पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts