PlayBreaking News

भोपाल में दिनदहाड़े जानलेवा हमला!बदमाशों ने 3 सेकंड में 5 बार घोंपा चाकू, CCTV में कैद हुई वारदात

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ में दिनदहाड़े एक कपड़ा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस थाने से महज 100 मीटर दूर दो बदमाशों ने महज 3 सेकंड में कारोबारी पर 5 बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
Follow on Google News
बदमाशों ने 3 सेकंड में 5 बार घोंपा चाकू, CCTV में कैद हुई वारदात
बैरागढ़ में दिनदहाड़े एक कपड़ा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

मध्य प्रदेश के बैरागढ़ इलाके में एक ऐसी घटना हुई, जिसने इलाके के लोगों को दहला दिया। स्थानीय पुलिस थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर दो बदमाशों ने एक कपड़ा कारोबारी पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना तेज और अचानक हुआ कि महज 3 सेकंड के भीतर आरोपी ने कारोबारी पर 5 बार चाकू से वार कर दिए। हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू उनकी पीठ को चीरते हुए फेफड़े तक पहुंच गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।

कौन हैं घायल कारोबारी?

घायल कारोबारी की पहचान नीरज जनियानी के रूप में हुई है। वह बैरागढ़ के पुराने सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के पीछे 'रेनू श्री टेक्सटाइल्स' और 'लक्ष्मी टेक्सटाइल्स' नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं। नीरज अपने पिता भगवानदास जनियानी के साथ रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में उन पर जानलेवा हमला होने वाला है।

यह भी पढ़ें: रोजगार और पेपरलीक के मुद्दे पर कांग्रेस की 'जेन-जी साइक्लोथॉन', इंदौर से भोपाल के लिए निकले नेता

दुकान का ताला खोला और स्कूटी पर बैठे

जानकारी के अनुसार, दुकान का ताला खोलने के बाद नीरज अपनी एक्टिवा स्कूटी पर बैठ गए। इसी दौरान बैरागढ़ थाने की तरफ से दो युवक पैदल चलते हुए उनकी ओर आए। दोनों ने बिना कुछ कहे और बिना किसी बहस के सीधे चाकू निकाल लिया। देखते ही देखते उन्होंने नीरज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तीन सेकंड के अंदर आरोपियों ने पांच बार चाकू से वार किए। हमला इतना खतरनाक था कि चाकू उनकी पीठ के रास्ते फेफड़े तक पहुंच गया।

खून से लथपथ हालत में बचाने की कोशिश

हमले के बाद भी नीरज ने हिम्मत नहीं हारी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह करीब 20 फीट तक दौड़े ताकि अपनी जान बचा सकें। उनकी चीख सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटती देख दोनों हमलावर वहां से भाग निकले। बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल ही सैनिक कॉलोनी की ओर भाग गए।

हमले से बाजार में मची अफरा-तफरी

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों में दहशत फैल गई क्योंकि यह हमला बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस थाने के इतने करीब इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

यह भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: आज VC से होगी गिरिबाला-समर्थ की पेशी, CBI पेश कर सकती है दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट

एक दिन पहले की थी रेकी

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी घटना से एक दिन पहले यानी रविवार शाम करीब 5 बजे भी इसी इलाके में आए थे। CCTV फुटेज में दोनों संदिग्ध इलाके की रेकी करते हुए दिखाई दिए। इससे पुलिस को शक है कि हमला पहले से पूरी योजना बनाकर किया गया था। यानी आरोपियों ने पहले कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर मौका मिलते ही हमला कर दिया।

बिना किसी बहस के सीधे किया हमला

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों और कारोबारी के बीच घटना के समय कोई बातचीत या विवाद नहीं हुआ। दोनों आरोपी सीधे पहुंचे, चाकू निकाला और हमला कर दिया। इससे पुलिस को लग रहा है कि आरोपियों का मकसद केवल हमला करना था।

कई एंगल से जांच कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी एक वजह पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

यह भी पढ़ें: Peoples Update Special : हाई इनकम के बाद भी घर खर्च में हिस्सेदारी पर हो रहे विवाद  

CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts