अटलांटा एयरपोर्ट पर सैकड़ों फ्लाइट लेट, अमेरिका में फिर बढ़ी चिंता! खुफिया प्रमुख ने दी आगे भी गड़बड़ी की चेतावनी

वॉशिंगटन। अमेरिका में हवाई यात्रा करने वाले लोगों को रविवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अटलांटा के हार्ट्सफील्ड-जैक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानों में देरी हुई। इसका असर न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। सबसे ज्यादा परेशानी डेल्टा एयरलाइंस के यात्रियों को हुई। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन ने कहा है कि देश के पुराने डिजिटल सिस्टम को नया बनाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि इस काम के दौरान कुछ समय तक तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को परेशानी हो सकती है।
एयरपोर्ट पर क्यों लेट हुईं सैकड़ों उड़ानें?
अटलांटा एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी की मुख्य वजह डेल्टा एयरलाइंस के एक ऑटोमेटेड सिस्टम में आई खराबी थी। यह सिस्टम विमान के उड़ान भरने से पहले उसके वजन और संतुलन की जानकारी तैयार करता है। इसमें गड़बड़ी आने के कारण उड़ानों का काम प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पहले कुछ समय के लिए विमानों की उड़ान पर रोक लगाई। इसके बाद इसे ग्राउंड डिले में बदल दिया गया। इस वजह से औसतन करीब एक घंटे की देरी हुई। FAA ने साफ किया कि यह परेशानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की खराबी के कारण नहीं थी।
डेल्टा एयरलाइंस की 57 फीसदी उड़ानें प्रभावित
इस तकनीकी खराबी का सबसे ज्यादा असर डेल्टा एयरलाइंस पर पड़ा। एयरलाइन की रोजाना की करीब 57 फीसदी उड़ानें किसी न किसी तरह प्रभावित हुईं। अटलांटा एयरपोर्ट पर आने और यहां से जाने वाली आधी से ज्यादा फ्लाइट देरी से चलीं। इसका असर न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर भी पड़ा, जहां करीब आधी उड़ानों के समय में बदलाव हुआ। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर देख लें।
पुराने सिस्टम को बदलने में आ सकती हैं दिक्कतें
अमेरिका के राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन ने ABC के कार्यक्रम 'दिस वीक' में बातचीत के दौरान डिजिटल सिस्टम को बेहतर बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि देश में कई पुराने सिस्टम अब नए समय की जरूरतों के हिसाब से काम नहीं कर पा रहे हैं। क्लेटन के मुताबिक, जब सरकारी विभाग और कंपनियां अपने पुराने सिस्टम को नया बनाती हैं, तो इस दौरान कुछ तकनीकी परेशानियां हो सकती हैं। सेवाएं कुछ समय के लिए बंद भी हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल की कई तकनीकी गड़बड़ियों के पीछे किसी देश का हाथ होने या किसी बड़े साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं।
FBI को मिलीं 10 लाख से ज्यादा साइबर शिकायतें
अमेरिका में साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। FBI की अप्रैल में जारी 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, उसे पूरे साल में 10,08,597 साइबर शिकायतें मिलीं। वहीं, 2024 में यह संख्या 8,59,532 थी। यानी एक साल में शिकायतों की संख्या काफी बढ़ गई, रिपोर्ट में पहली बार AI से जुड़े अपराधों के लिए अलग जानकारी दी गई। इसमें 22,364 शिकायतें दर्ज हुईं और करीब 893 मिलियन डॉलर के नुकसान की बात सामने आई।
AI से लोगों को ठगना हुआ आसान
FBI के मुताबिक, साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए AI का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके जरिए किसी की आवाज की नकल करना, नकली वीडियो बनाना और फर्जी पहचान पत्र तैयार करना आसान हो गया है। कई बार ठग रिश्तेदारों या किसी बड़े व्यक्ति की आवाज और वीडियो की नकल करके लोगों से पैसे मांगते हैं। इसके अलावा फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ईमेल में सेंधमारी और नकली कस्टमर केयर के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। FBI ने 2026 में 'ऑपरेशन विंटर शील्ड' भी शुरू किया है, जिसका मकसद कंपनियों और दूसरे संगठनों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताना है।
चीन को लेकर भी बोले अमेरिकी खुफिया प्रमुख
क्लेटन ने चीन के साथ तकनीकी मुकाबले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अमेरिका को अपनी सबसे आधुनिक तकनीक की सुरक्षा करनी चाहिए। हालांकि, कम आधुनिक तकनीक दूसरे देशों को देने पर विचार किया जा सकता है। अमेरिका के नियमों के तहत चिप बनाने वाली तकनीक, सुपर कंप्यूटर और कुछ खास कंप्यूटिंग सिस्टम के निर्यात पर रोक या लाइसेंस की शर्तें लागू हैं। डेटा सेंटर के जरिए इन तकनीकों का इस्तेमाल कौन कर रहा है, इस पर भी नजर रखी जाती है।




















