Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मेगास्पीड चिप तस्करी मामले में बड़ा खुलासा: एलिस हुआंग के पीछे था 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग

एनवीडिया की प्रतिबंधित AI चिप्स चीन भेजने के नेटवर्क को एलिस हुआंग नहीं, बल्कि चीनी कारोबारी ली मिंग संचालित कर रहा था। सिंगापुर की मेगास्पीड कंपनी में ली की अहम भूमिका सामने आई है।
मेगास्पीड चिप तस्करी मामले में बड़ा खुलासा: एलिस हुआंग के पीछे था 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग
एलिस हुआंग और जेन्सेन हुआंग

न्यूयॉर्क। सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड (Megaspeed) के जरिए चीन को प्रतिबंधित AI चिप्स भेजने के मामले में नया खुलासा हुआ है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' (WSJ) की रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग इस पूरे नेटवर्क का सिर्फ सार्वजनिक चेहरा थीं। बताया जाता है कि इस नेटवर्क का संचालन पर्दे के पीछे से 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग कर रहा था। हालांकि, एलिस हुआंग मेगास्पीड में वरिष्ठ कार्यकारी के पद पर थीं, लेकिन कंपनी के संचालन और महत्वपूर्ण कारोबारी फैसलों में ली मिंग की भी अहम भूमिका थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह एनवीडिया चिप्स का कारोबार करने वाली दूसरी कंपनियों से भी जुड़ा हुआ था। एलिस का नाम पूर्व एनवीडिया CEO जेन्सेन हुआंग के साथ अफेयर को लेकर भी चर्चा में रहा है। अमेरिकी अधिकारियों को उन पर चीनी खुफिया एजेंसियों से संबंध होने का संदेह भी था।
यह भी पढ़ें: एनवीडिया के पूर्व शीर्ष अधिकारी अजय पुरी पर नई रिपोर्ट, एक महिला से संबंध का आरोप, जिसने चीन को सर्वर अवैध रूप से बेचे

52 वर्षीय ली मिंग को बताया गया नेटवर्क का मास्टरमाइंड

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में 52 वर्षीय ली मिंग को इस चिप तस्करी नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया गया है। आरोप है कि वह कई कंपनियों के जरिए अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार कर एनवीडिया की अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स चीन पहुंचाने का काम कर रहा था। पिछले साल फरवरी में सिंगापुर में ली मिंग के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। यह मामला एनवीडिया चिप्स से लैस कंप्यूटर सर्वर को दूसरे देशों में भेजने से संबंधित था। इस मामले से जुड़े कानूनी दस्तावेजों में कई कंपनियों का उल्लेख किया गया था, लेकिन मेगास्पीड का नाम उनमें शामिल नहीं था।

मेगास्पीड मामले से कहीं बड़ा था नेटवर्क

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ली मिंग, एलिस हुआंग और कांग वेई के बीच कारोबारी संबंधों की जानकारी पहले सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन संबंधों से संकेत मिलता है कि चीन की कंपनियों को AI तकनीक की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद पहुंचाने के प्रयास केवल मेगास्पीड मामले तक सीमित नहीं थे, बल्कि उनका दायरा इससे कहीं अधिक व्यापक था।

यह भी पढ़ें: ट्रंप का बड़ा खुलासा: अमेरिका और चीन एक-दूसरे की करते हैं जासूसी, बोले- हम उनसे बेहतर हैं

मलेशिया के रास्ते दूसरे देश भेजे गए एनवीडिया सर्वर

सिंगापुर के अभियोजकों के अनुसार ली मिंग ने अमेरिकी आपूर्तिकर्ताओं को गलत जानकारी देकर एनवीडिया चिप्स वाले सर्वर हासिल किए थे। उसने आपूर्तिकर्ताओं को बताया था कि इन सर्वरों का इस्तेमाल उसकी सिंगापुर स्थित कंपनी करेगी। लेकिन वास्तव में उपकरणों को पहले पड़ोसी देश मलेशिया भेजा गया और फिर वहां से किसी अज्ञात तीसरे देश में पहुंचा दिया गया। फिलहाल ली मिंग जमानत पर बाहर है। बताया जाता है कि वह सिंगापुर में चीनी दूतावास के नजदीक एक आलीशान विला में रहता है।

एलिस हुआंग और कांग वेई के साथ पुराने कारोबारी संबंध

रिपोर्ट में ली मिंग के एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ लंबे समय से कारोबारी संबंध होने की बात भी सामने आई है। बाइडेन प्रशासन की ओर से चीन को एनवीडिया की एडवांस्ड AI चिप्स के निर्यात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद इन तीनों ने दक्षिण-पूर्व एशिया में कंपनियों का एक नेटवर्क तैयार करना शुरू किया था। इस नेटवर्क के जरिए चीनी ग्राहकों को एडवांस्ड कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही थी।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts