पुतिन पर बढ़ रहा दबाव, रूस की एक गलती से छिड़ सकता है तीसरा विश्व युद्ध? UK इंटेलिजेंस चीफ की चेतावनी

रूस और पश्चिमी देशों के बीच तनाव एक बार फिर गंभीर मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। ब्रिटेन के हेड ऑफ डिफेंस इंटेलिजेंस लेफ्टिनेंट जनरल मैथ्यू जोन्स ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पश्चिमी देशों के प्रति आक्रामक रवैया किसी बड़ी गलती की वजह बन सकता है। उनका कहना है कि रूस की लापरवाह गतिविधियों और गलत आकलन से छोटी घटनाएं भी बड़े सैन्य टकराव में बदल सकती हैं। ऐसे हालात तीसरे विश्व युद्ध का खतरा पैदा कर सकते हैं।
पुतिन दबाव में हैं, रूस के रवैये पर ब्रिटेन की नजर
ब्रिटेन के खुफिया प्रमुख मैथ्यू जोन्स ने 'कैम्ब्रिज इंटेलिजेंस सेमिनार' में अपने संबोधन के दौरान रूस की गतिविधियों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा डर किसी बड़ी गलतफहमी या गलत आकलन को लेकर है। जोन्स के मुताबिक, पुतिन दबाव में हैं और पश्चिमी देशों को चुनौती देने की कोशिश में उनका रवैया पहले से ज्यादा सख्त और आक्रामक होता जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रूस जानबूझकर नाटो के साथ युद्ध नहीं चाहता, लेकिन उसकी बढ़ती लापरवाह गतिविधियां हालात को खतरनाक बना सकती हैं।
रूस की किन गतिविधियों ने बढ़ाई चिंता?
मैथ्यू जोन्स ने अपने बयान में रूस से जुड़ी कई ऐसी घटनाओं का जिक्र किया, जिनसे यूरोपीय देशों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। इनमें पोलैंड में रूसी मिसाइलों और एक संदिग्ध ड्रोन के गिरने की घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा डेनमार्क में एक अमेरिकी-यूक्रेनी नागरिक की हत्या की कथित साजिश का भी जिक्र किया गया। इस मामले में रूसी खुफिया एजेंसी से कथित संबंध होने का दावा किया गया है। जोन्स ने जर्मनी के लीपजिग शहर के एक एयरपोर्ट पर हुए ड्रोन हमले को भी गंभीर घटना बताया। उन्होंने इसे हाल के समय का सबसे गंभीर और निंदनीय उदाहरणों में से एक करार दिया।
नाटो देशों के आसपास बढ़ती गतिविधियां बनीं चिंता का कारण
रूस की गतिविधियों को लेकर ब्रिटेन की चिंता सिर्फ मिसाइल और ड्रोन घटनाओं तक सीमित नहीं है। मैथ्यू जोन्स ने नाटो सदस्य देश रोमानिया के ब्लैक सी यानी काला सागर क्षेत्र में कॉमर्शियल जहाजों के डूबने की घटनाओं का भी उल्लेख किया। इन घटनाओं के बीच यूरोपीय देशों को आशंका है कि रूस की गतिविधियां क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए नई चुनौतियां पैदा कर सकती हैं। खासकर तब, जब रूस और नाटो देशों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ है।
क्या रूस और नाटो के बीच हो सकता है सीधा युद्ध?
रूस और नाटो के बीच सीधा सैन्य संघर्ष लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चिंता बना हुआ है। हालांकि, ब्रिटिश खुफिया प्रमुख ने यह नहीं कहा कि युद्ध होना तय है। उनकी चेतावनी का मुख्य आधार गलतफहमी, गलत आकलन और छोटी घटनाओं के बड़े टकराव में बदलने का खतरा है। ऐसी स्थिति में किसी मिसाइल, ड्रोन या सैन्य गतिविधि को लेकर गलत निर्णय तनाव को तेजी से बढ़ा सकता है। यही वजह है कि ब्रिटेन रूस की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
मेगास्पीड चिप तस्करी मामले में बड़ा खुलासा: एलिस हुआंग के पीछे था 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग
ब्रिटेन ने रूस को दी साफ चेतावनी
मैथ्यू जोन्स ने अपने बयान में कहा कि ब्रिटेन रूस के साथ किसी तरह का संघर्ष या टकराव नहीं चाहता। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि ब्रिटेन और उसके सहयोगियों की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचने पर देश अपनी रक्षा के लिए पूरी मजबूती से जवाब देगा। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि ब्रिटेन एक तरफ रूस के साथ सीधे युद्ध से बचना चाहता है, वहीं दूसरी तरफ अपनी और नाटो सहयोगियों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। फिलहाल रूस और पश्चिमी देशों के बीच तनाव के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों पक्ष किसी संभावित गलतफहमी को सैन्य टकराव में बदलने से रोक पाएंगे? क्योंकि मौजूदा हालात में एक छोटी सी चूक भी अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।




















