Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दक्षिण कोरिया में AI से नकल रोकने की अव्यवस्था पर शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, 5 लाख छात्रों की परीक्षा में मिले 111 डिवाइस

दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने सुनुंग कॉलेज प्रवेश परीक्षा में AI से नकल रोकने के लिए आखिरी समय में किए गए इंतजामों की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया। इस साल करीब 5 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 111 उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले।
दक्षिण कोरिया में AI से नकल रोकने की अव्यवस्था पर शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, 5 लाख छात्रों की परीक्षा में मिले 111 डिवाइस
सुनुंग परीक्षा में बैठीं द. कोरिया की लड़कियां।

सियोल। दक्षिण कोरिया में AI की मदद से परीक्षा में नकल का मामला सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। देश की प्रतिष्ठित वार्षिक कॉलेज प्रवेश परीक्षा 'सुनुंग' के दौरान नकल रोकने के लिए अंतिम समय में किए गए इंतजामों से पैदा हुई अव्यवस्था की जिम्मेदारी उन्होंने खुद ली है। इस विवाद की शुरुआत करीब एक सप्ताह पहले हुई थी, जब राष्ट्रीय टैक्स अकाउंटेंसी परीक्षा में टॉप करने वाले एक उम्मीदवार ने स्वीकार किया कि उसने मिनी कैमरा, मोबाइल फोन और AI टूल्स की मदद से नकल की थी। इसके बाद अधिकारियों ने छिपे हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान करने के लिए तत्काल कदम उठाए। इनमें देशभर के मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट भेजना भी शामिल था। दक्षिण कोरिया की सुनुंग परीक्षा में छात्रों को पेपर पूरा करने में नौ घंटे तक का समय लगता है। यह परीक्षा देश के लाखों युवाओं के शैक्षणिक और करियर भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

मंत्री चोई क्यो-जिन ने मानी तैयारी में कमी

दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने कहा कि संबंधित मंत्री होने के नाते वह इस आलोचना से बच नहीं सकते कि प्रशासन परीक्षा में संभावित गड़बड़ियों से निपटने के लिए पहले से पर्याप्त तैयारी नहीं कर पाया। चोई ने कहा कि परीक्षा पूरी होने के बाद वह अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से महसूस कर रहे हैं और इसी कारण इस्तीफा सौंप रहे हैं। इसके बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। राष्ट्रपति पहले से ही मौजूदा परीक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव की मांग करते रहे हैं।

परीक्षा के दिन पूरे देश में भेजे गए इमरजेंसी अलर्ट

टैक्स अकाउंटेंसी परीक्षा में नकल का खुलासा होने के बाद अधिकारियों ने सुनुंग परीक्षा से पहले निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए। इसी क्रम में परीक्षा वाले दिन पूरे देश में मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट भेजे गए, ताकि ऐसे छिपे हुए उपकरणों का पता लगाया जा सके, जिन्हें परीक्षार्थियों ने जमा नहीं कराया था। गुरुवार को स्थानीय समय के अनुसार सुबह 08:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे के बीच कुल तीन इमरजेंसी अलर्ट जारी किए गए। इन अलर्ट के कारण देशभर में एक साथ मोबाइल फोन बजने लगे। खास बात यह थी कि साइलेंट मोड पर रखे गए फोन और डेटा रोमिंग का इस्तेमाल कर रहे पर्यटकों के मोबाइल पर भी अलर्ट की आवाज सुनाई दी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद दक्षिण कोरिया में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था और AI के जरिए होने वाली नकल को रोकने की चुनौतियां चर्चा का विषय बन गईं।

सुनुंग परीक्षा में 111 उम्मीदवारों के पास मिले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस साल आयोजित सुनुंग परीक्षा के दौरान 111 उम्मीदवारों के पास अनधिकृत स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पाए गए। इस परीक्षा में करीब 5 लाख छात्र शामिल हुए थे। हाल के दिनों में परीक्षा में AI उपकरणों के जरिए नकल किए जाने की आशंकाओं ने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।

टैक्स परीक्षा में टॉप करने वाले ने कबूली नकल

AI से नकल को लेकर विवाद उस समय और बढ़ गया, जब पिछले सप्ताहांत टैक्स अकाउंटेंसी परीक्षा में टॉप करने वाले हान वॉन-सियोक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उन्होंने अप्रैल में हुई परीक्षा में 160 में से केवल एक सवाल गलत किया था। उनके असाधारण प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने नकल करने की बात कबूल की। 34 वर्षीय हान ने एक वीडियो संदेश में बताया कि उन्होंने परीक्षा के सवालों की तस्वीरें लेने के लिए माइक्रो-कैमरा इस्तेमाल किया था। इसके बाद तस्वीरें AI टूल को भेजीं और अपने स्मार्टफोन पर जवाब देखकर नकल की।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts