Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Asian Games 2026: भारत ने चीन को हराकर महिला हॉकी में जीता गोल्ड, 44 साल बाद खत्म हुआ इंतजार!

Asian Games 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत ने 44 साल बाद महिला हॉकी में एशियन गेम्स गोल्ड जीता। लालरेमसियामी के गोल और सविता पूनिया के शानदार बचाव से भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और LA 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई किया।
Asian Games 2026: भारत ने चीन को हराकर महिला हॉकी में जीता गोल्ड, 44 साल बाद खत्म हुआ इंतजार!

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। भारत ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने महिला हॉकी में 44 साल बाद एशियन गेम्स का गोल्ड जीता है। भारत ने इससे पहले 1982 में दिल्ली एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इस स्वर्ण पदक के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है। एशियन गेम्स की महिला हॉकी स्पर्धा के विजेता को LA 2028 का सीधा कोटा मिलना था।

लालरेमसियामी ने दिलाई भारत को बढ़त

भारत और चीन के बीच फाइनल मुकाबला ट्रैफिक जाम के कारण तय समय से करीब एक घंटे देर से शुरू हुआ। मुकाबला 3:30 बजे के बजाय करीब 4:30 बजे शुरू हुआ। मैच शुरू होते ही भारतीय टीम ने चीन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। छठे मिनट में बलजीत कौर को ग्रीन कार्ड मिला, लेकिन भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। 

X Post

10वें मिनट में लालरेमसियामी ने मैदानी गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। खास बात यह रही कि लालरेमसियामी का यह भारत के लिए 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच था। भारत को इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन टीम बढ़त को 2-0 नहीं कर सकी। पहला क्वार्टर खत्म होने तक भारत 1-0 से आगे रहा।

Asian Games 2026: एक के बाद एक गोल्ड! सुजीत कलकल की शानदार वापसी, अंकुश पंघाल ने भी जीता सोना; भारत की मेडल टैली पहुंची 75

सविता पूनिया ने बचाया पेनल्टी स्ट्रोक

दूसरे क्वार्टर में चीन ने वापसी के लिए आक्रामक खेल दिखाया। लगातार दबाव के बीच चीन को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला। यह मुकाबले में बराबरी करने का बड़ा मौका था। लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए चीन को गोल करने से रोक दिया। इसके बाद चीन ने कई हमले किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने हर कोशिश को नाकाम कर दिया। हाफ टाइम तक भारत ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखी।

Asian Games में भारत का गोल्डन धमाका, परवीन हुड्‌डा ने जीता गोल्ड; मेडल टैली में 6वें स्थान पर

1982 के बाद पहली बार मिला गोल्ड

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में अपना पहला और पिछला स्वर्ण पदक 1982 में दिल्ली में जीता था। इसके बाद भारत 1998 और 2018 में फाइनल तक पहुंचा, लेकिन दोनों बार उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 1998 में दक्षिण कोरिया और 2018 में जापान ने भारत को फाइनल में हराया था। अब 2026 में चीन को हराकर भारतीय टीम ने 44 साल का इंतजार खत्म कर दिया है।

Asian Games 2026: लवलीना बोरगोहेन का गोल्डन पंच! चीन की बॉक्सर को 5-0 से हराकर रचा इतिहास

चीन का गोल्ड बचाने का सपना भी टूटा

चीन पिछली एशियन गेम्स में महिला हॉकी का चैंपियन था। फाइनल में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर न सिर्फ खुद स्वर्ण पदक जीता, बल्कि चीन को अपने खिताब का बचाव करने से भी रोक दिया। भारत के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि इसी साल टीम ने महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया था, जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

Asian Games 2026: भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, दक्षिण कोरिया को हराकर जीता गोल्ड

भारत की ऐतिहासिक जीत के बड़े पॉइंट

  • भारत ने चीन को 1-0 से हराया।
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स गोल्ड जीता।
  • 1982 के बाद पहली बार भारत ने महिला हॉकी में स्वर्ण हासिल किया।
  • लालरेमसियामी ने 10वें मिनट में गोल किया।
  • गोलकीपर सविता पूनिया ने चीन का पेनल्टी स्ट्रोक बचाया।
  • भारत ने LA 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई किया।
  • चीन पिछली बार का चैंपियन था, लेकिन इस बार खिताब नहीं बचा सका।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts