Asian Games में भारत का गोल्डन धमाका, परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड; मेडल टैली में 6वें स्थान पर

Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को भारत ने तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए। बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने महिलाओं की 65 किग्रा कैटेगरी में गोल्ड जीता, जबकि भारतीय महिला रिकर्व टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता था। इन पदकों के साथ भारत की मेडल टैली में 13 गोल्ड समेत कुल 73 मेडल हो गए हैं।
परवीन हुड्डा ने जीता बॉक्सिंग गोल्ड
महिलाओं के 65 किग्रा फाइनल में भारत की परवीन हुड्डा ने चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराया। फाइनल मुकाबला काफी करीबी रहा। पहले राउंड में परवीन ने काउंटर पंच और बॉडी शॉट्स के जरिए बढ़त बनाई। पांचों जजों ने उन्हें 10-9 से राउंड दिया। दूसरे राउंड में चेन ने वापसी की। उन्होंने तेज 1-2 पंच के जरिए अंक जुटाए और पांचों जजों ने यह राउंड चेन के पक्ष में दिया। इसके बाद मुकाबला बराबरी पर आ गया। आखिरी राउंड में परवीन ने अपनी रणनीति पर कायम रहते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
डोपिंग मामले के बाद शानदार वापसी
परवीन के लिए यह गोल्ड इसलिए भी खास है क्योंकि हांगझोउ एशियन गेम्स में जीता उनका ब्रॉन्ज मेडल बाद में डोपिंग से जुड़े व्हेयरअबाउट्स नियमों के उल्लंघन के कारण वापस ले लिया गया था।
मई 2024 में WADA ने उन्हें 12 महीने की अवधि में तीन बार लोकेशन की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने के मामले में 22 महीने के लिए निलंबित किया था। बाद में निलंबन की अवधि को पीछे से लागू किया गया, जिसके चलते उन्हें एशियन गेम्स 2022 का मेडल और ओलिंपिक कोटा गंवाना पड़ा था। अब परवीन ने वापसी करते हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत लिया है।
लवलीना ने जन्मदिन पर जीता गोल्ड
इससे पहले भारत की लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने जन्मदिन पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लवलीना ने हांगझोउ एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था। इस बार उन्होंने गोल्ड हासिल किया। उनके प्रदर्शन के बाद भारत के पास बॉक्सिंग में अब कई मेडल आ चुके हैं।
दो भारतीय महिला बॉक्सर ने जीते गोल्ड
परवीन और लवलीना के गोल्ड के साथ एक खास रिकॉर्ड भी बना। पहली बार भारत की दो महिला बॉक्सर ने एशियन गेम्स के एक ही एडिशन में दो गोल्ड मेडल जीते हैं। इससे पहले मैरी कॉम ने 2014 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।
महिला रिकर्व टीम ने भी जीता गोल्ड
भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने रिकर्व टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। इस स्वर्ण के साथ भारत की मेडल टैली में भी इजाफा हुआ।
पुरुष रिकर्व टीम को सिल्वर
भारतीय पुरुष रिकर्व टीम को फाइनल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारत ने सिल्वर मेडल जीता। दक्षिण कोरिया के तीरंदाजों ने लगातार 9 और 10 के निशाने लगाए। भारतीय टीम के यशदीप, नीरज और धीरज पर्याप्त 10 के निशाने नहीं लगा सके। भारत ने हांगझोउ एशियन गेम्स में भी इस इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था।
सेपकटकरा में भारत को ब्रॉन्ज
पुरुष क्वाड्रेंट सेमीफाइनल में भारत को जापान के खिलाफ 0-2 (12-15, 13-15) से हार मिली। सेपकटकरा में सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को ब्रॉन्ज मेडल दिया जाता है। इस तरह भारत ने इस गेम्स में सेपकटकरा में अपना दूसरा मेडल पक्का किया। भारत 2018 में इस स्पर्धा में चैंपियन भी रह चुका है।
गोल्फ में प्रणवी उर्स टॉप पर
महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा में भारत की प्रणवी उर्स फाइनल राउंड से पहले शीर्ष स्थान पर हैं। तीसरे दिन उन्होंने 4 अंडर पार 66 का कार्ड खेला, जिसमें 5 बर्डी और एक बोगी शामिल रही। प्रणवी का कुल स्कोर 15 अंडर है। वह सिंगापुर की शैनन टैन से तीन स्ट्रोक आगे हैं, जबकि चीन की रुओनिंग यिन 11 अंडर के साथ तीसरे स्थान पर हैं। टीम इवेंट में भारत 11 अंडर के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर है। चीन 15 अंडर के साथ पहले स्थान पर है।
सेपकटकरा के बाद कीरिन में भारत की चुनौती
पुरुषों की कीरिन स्पर्धा के सेमीफाइनल में भारत के डेविड बेकहम एल्कातोचोन्गो हीट-1 में 10.578 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। हर हीट के शीर्ष तीन राइडर्स गोल्ड मेडल रेस में पहुंचे। डेविड अब 7वें से 12वें स्थान के लिए होने वाली रेस में हिस्सा लेंगे।
कुश्ती में दीपांशी ब्रॉन्ज मेडल की रेस में
भारत की दीपांशी ने महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के रेपेचेज मुकाबले में कंबोडिया की डिट सैम्नांग को 10-0 से हराया। उन्होंने टेक्निकल सुपीरियोरिटी से मुकाबला जीता और अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए कजाकिस्तान की जेनैप बायानोवा से भिड़ेंगी।
भारत की मेडल टैली
शुक्रवार के गोल्ड मेडल के बाद भारत के खाते में 13 गोल्ड समेत 73 मेडल हो गए हैं। भारतीय टीम मेडल टैली में छठे स्थान पर है।





















