Asian Games 2026: भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, दक्षिण कोरिया को हराकर जीता गोल्ड

2026 एशियन गेम्स में भारत को 14वें दिन पहला गोल्ड मेडल तीरंदाजी से मिला। महिला रिकर्व टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कीर्ति, कुमकुम और अंकिता की तिकड़ी ने दबाव भरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। यह एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में पहली बार है, जब भारत की महिला रिकर्व टीम ने इस स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है।
फाइनल में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच कड़ा मुकाबला
फाइनल की शुरुआत दोनों टीमों के बीच बराबरी से हुई। पहले सेट में भारत और दक्षिण कोरिया ने 54-54 का स्कोर किया। दूसरे सेट में भी दोनों टीमों का स्कोर 56-56 रहा। इसके बाद तीसरे सेट में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत की और 55-51 से सेट जीतकर 2 अंक हासिल किए। तीसरे सेट के बाद भारत के पास 4-2 की बढ़त थी। ऐसे में आखिरी सेट मुकाबले का फैसला करने वाला था। भारत को कम से कम ड्रॉ की जरूरत थी, जबकि दक्षिण कोरिया वापसी की कोशिश में था।
कुमकुम के आखिरी शॉट ने दिलाया गोल्ड
आखिरी सेट में भारतीय टीम पर दबाव काफी बढ़ गया था। मुकाबले का नतीजा आखिरी शॉट तक पहुंच गया। भारत की उम्मीदें कुमकुम के शॉट पर टिकी थीं, क्योंकि 10 से कम स्कोर होने पर मुकाबला बराबरी पर पहुंच सकता था और फिर शूट-ऑफ से विजेता का फैसला होता। कुमकुम ने आखिरी शॉट में 10 का स्कोर किया और भारत ने मुकाबला 5-3 से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ कीर्ति, कुमकुम और अंकिता ने भारतीय तीरंदाजी में एक नया इतिहास दर्ज किया।
दक्षिण कोरिया की मजबूत टीम को दी मात
दक्षिण कोरिया को तीरंदाजी की मजबूत टीमों में गिना जाता है। इस खेल में दक्षिण कोरिया अब तक कुल 94 मेडल जीत चुका है। महिला रिकर्व तीरंदाजी में भी उसका लंबा दबदबा रहा है और टीम 10 बार ओलंपिक चैंपियन रह चुकी है। एशियन चैंपियनशिप और एशियन गेम्स में भी दक्षिण कोरिया का प्रदर्शन लंबे समय से मजबूत रहा है। ऐसे में फाइनल में भारतीय महिला रिकर्व टीम की जीत खास रही।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी, 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबला; 14 टीमों के बीच 57 मैच
एशियन गेम्स 2026 में तीरंदाजी का चौथा गोल्ड
2026 एशियन गेम्स में तीरंदाजी में यह भारत का चौथा गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारत महिला टीम कंपाउंड, मिक्स्ड टीम कंपाउंड और पुरुष टीम कंपाउंड स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीत चुका है। महिला रिकर्व टीम के गोल्ड के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 67 हो गई है। भारतीय टीम के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि महिला रिकर्व टीम ने पहली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।




















