बिहार ने किया बड़ा उलटफेर, 225 रन का लक्ष्य हासिल कर दिल्ली को हराया

बिहार ने इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और पावरप्ले में 96 रन बना दिए। आयुष लोहरुका और बिपिन सौरभ ने तेज पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जबकि निचले क्रम के बल्लेबाजों ने जीत की जिम्मेदारी संभाली। इस टूर्नामेंट में तीन मैचों के बाद बिहार की यह दूसरी जीत है, वहीं दिल्ली को पहली बार हार का सामना करना पड़ा है।
दिल्ली ने यश धुल के शतक से बनाया 224 रन का स्कोर
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने निर्धारित ओवरों में 224 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए यश धुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर 125 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। तेजस्वी दहिया ने भी 25 गेंदों पर 51 रन की तेज पारी खेली, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका।
ये भी पढ़ें: जीत के जश्न के बीच भावुक हुए रोहित-विराट, न्यूजीलैंड में आखिरी बार किया फैंस का अभिवादन
बिहार ने पावरप्ले में ही ठोक दिए 96 रन
225 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने शुरुआत से ही दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। शुरुआती पावरप्ले में ही बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ रन बनाते हुए स्कोर 96 रन तक पहुंचा दिया। ओपनर आयुष लोहरुका ने महज 22 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के लगाकर 50 रन बनाए, जबकि बिपिन सौरभ ने 19 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 49 रन ठोक दिए।
आखिरी ओवरों में निचले क्रम के बल्लेबाजों ने पलटा मैच
बिहार के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मुकाबला रोमांचक हो गया था, लेकिन निचले क्रम के खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने 15 गेंदों पर 25 रन बनाए, जबकि दसवें नंबर पर उतरे मयंक कुमार ने सिर्फ 13 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 24 रन जोड़ दिए। इन पारियों की बदौलत बिहार ने 8 विकेट खोकर एक गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
दिल्ली के आईपीएल गेंदबाज भी नहीं रोक पाए बिहार की जीत
दिल्ली की टीम में सिमरजीत सिंह, दिग्वेश राठी और सुयश शर्मा जैसे आईपीएल के अनुभवी गेंदबाज शामिल थे, लेकिन वे बिहार के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे। दिग्वेश राठी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन दिल्ली के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 9 रन प्रति ओवर से ज्यादा की दर से रन खर्च किए, जिसका फायदा बिहार के बल्लेबाजों ने उठाया।
रघुवेंद्र प्रताप सिंह बने प्लेयर ऑफ द मैच
बिहार की जीत में रघुवेंद्र प्रताप सिंह का योगदान सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि उनकी आखिरी ओवरों की बल्लेबाजी ने बिहार की जीत का रास्ता आसान किया।
टूर्नामेंट में बिहार की दूसरी जीत
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में बिहार की टीम ने तीन मुकाबलों में दूसरी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है, वहीं दिल्ली को टूर्नामेंट में पहली बार हार का सामना करना पड़ा है। वैभव सूर्यवंशी की गैरमौजूदगी में मिली इस जीत ने बिहार की टीम की बल्लेबाजी और निचले क्रम की क्षमता को भी दिखाया है।




















