2029 से पहले 21 राज्यों में लागू होगा UCC! अमित शाह ने बताया सरकार का प्लान

मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को समान नागरिक संहिता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की सरकार वाले 21 राज्यों में 2029 से पहले UCC लागू किया जाएगा। शाह ने कहा कि कई राज्यों में इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने तीन तलाक खत्म करने को मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें बराबरी का अधिकार देने की दिशा में कदम उठाया है। शाह का यह बयान ऐसे समय आया है जब अगले लोकसभा चुनाव से पहले कई राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
2029 से पहले सभी NDA राज्यों पर नजर
अमित शाह ने कहा कि देश में फिलहाल उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू है। इसके अलावा कुछ राज्यों में UCC को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा-एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में इसे लागू कर दिया जाएगा। UCC के तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे निजी मामलों के लिए समान कानूनी व्यवस्था की बात की जाती है।
मणिपुर NRC पर अभी फैसला बाकी
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मणिपुर में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर यानी NRC को लेकर भी सवाल पूछा गया। जब शाह से पूछा गया कि इसके लिए 1951 को आधार वर्ष बनाया जाएगा या नहीं, तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर सहयोगी दलों और मणिपुर के राजनीतिक दलों से बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि फैसला होने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
घुसपैठियों पर शाह का सख्त रुख
अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर गृह मंत्री ने सरकार का रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि देश में मौजूद हर अवैध घुसपैठिये की पहचान की जाएगी और उन्हें बाहर भेजने की कार्रवाई होगी। पहचान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी साझा करने से उन्होंने इनकार किया। शाह ने कहा कि अगर सरकार तरीका बता देगी तो अवैध रूप से रहने वाले लोगों को भी उसके बारे में पता चल जाएगा।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर भी बड़ा दावा
शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35A को खत्म करना सरकार के बड़े फैसलों में शामिल रहा। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। पूर्वोत्तर में भी कई शांति समझौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति का उदाहरण बताया।
मोदी के 25 साल पूरे होने पर सेवा अभियान
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा भी की। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिलों से लेकर बूथ स्तर तक कई कार्यक्रम होंगे। इसका मकसद सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाना है।
महिला एशिया कप जीतकर भारत ने रचा इतिहास, पीएम मोदी समेत इन दिग्गजों ने दी टीम इंडिया को बधाई
भारत की अर्थव्यवस्था पर भी गिनाईं उपलब्धियां
शाह ने कहा कि 2014 के बाद भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक भूमिका में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि भारत अब दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकसित भारत-2047 की दिशा में देश को आगे ले जाना है।




















