इंदौर एयर कनेक्टिविटी को फिर झटका:जून से इंदौर-दिल्ली रूट पर 4 उड़ानें बंद

इंदौर - इंदौर से दिल्ली के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जून महीने से परेशानी बढ़ने वाली है। एयर इंडिया ने 1 जून से इंदौर-दिल्ली रूट पर अपनी चार उड़ानें बंद करने का फैसला लिया है। अभी इस रूट पर एयर इंडिया की रोजाना चार उड़ानें इंदौर से दिल्ली और चार उड़ानें दिल्ली से इंदौर संचालित हो रही हैं, लेकिन अब इनमें से दो-दो उड़ानें बंद कर दी जाएंगी।
एयर इंडिया ने अपनी वेबसाइट पर भी 1 जून के बाद इन उड़ानों की बुकिंग बंद कर दी है। 31 मई तक जहां चार-चार नॉनस्टॉप उड़ानें दिखाई दे रही हैं, वहीं 1 जून से केवल दो-दो उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। बंद होने वाली उड़ानों में सुबह और दोपहर की सेवाएं शामिल हैं।
और पढ़ें: गर्मी में चेहरे पर कपड़ा बांधना कितना सही? जानिए फायदे, नुकसान और स्किन बचाने के आसान तरीके
दिल्ली से इंदौर बंद होने वाली उड़ानें
- AI 1725 — दिल्ली 5:40 सुबह से इंदौर 7:15 सुबह
- AI 2515 — दिल्ली 12:10 दोपहर से इंदौर 1:45 दोपहर
जारी रहने वाली उड़ानें
- AI 1716 — दिल्ली 6:40 शाम से इंदौर 8:10 रात
- AI 2592 — दिल्ली 2:30 दोपहर से इंदौर 4:05 शाम
इंदौर से दिल्ली बंद होने वाली उड़ानें
- AI 2591 — इंदौर 9:40 सुबह से दिल्ली 11:15 सुबह
- AI 2516 — इंदौर 12:15 दोपहर से दिल्ली 1:55 दोपहर
जारी रहने वाली उड़ानें
- AI 1860 — इंदौर 8:00 सुबह से दिल्ली 9:35 सुबह
- AI 1865 — इंदौर 9:00 रात से दिल्ली 10:35 रात
बताया जा रहा है कि जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक कर रखे हैं, उन्हें एयर इंडिया दूसरी उड़ानों में एडजस्ट करने या रिफंड का विकल्प दे रही है। हालांकि उड़ानों की संख्या कम होने से यात्रियों के लिए विकल्प सीमित हो जाएंगे और किराए बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
और पढ़ें: इंदौर मेट्रो में किटी पार्टी : सफर बना सेलिब्रेशन,चलती ट्रेन में गेम्स, म्यूजिक और मस्ती
एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार महंगे हो रहे जेट फ्यूल और कम होती यात्री संख्या के कारण एयरलाइंस पर ऑपरेशन लागत का दबाव बढ़ा है। इसी वजह से कंपनियां कम मांग वाले स्लॉट्स में उड़ानों को सीमित कर रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर से कई शहरों की उड़ानें बंद हो चुकी हैं। समर शेड्यूल लागू होने के बाद इंडिगो ने नासिक, उदयपुर, भुवनेश्वर और जम्मू की उड़ानें बंद कर दी थीं। वहीं शारजाह, गोंदिया और मुंबई की कुछ सेवाएं भी पहले से बंद हैं। लगातार उड़ानें घटने से इंदौर एयर कनेक्टिविटी पर असर पड़ रहा है।












