इंदौर के फ्लैट में मिला बिजली कर्मचारी का शव, शरीर पर चोट के निशान! महिला मित्र से पूछताछ, मौत की गुत्थी उलझी

इंदौर। शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की राजकमल रेसीडेंसी स्थित एक फ्लैट में बिजली विभाग के कर्मचारी निर्मल राजपूत का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार रात करीब 12:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में शव करीब 12 घंटे पुराना होने की आशंका जताई गई है। मृतक के शरीर पर हल्के चोट के निशान भी मिले हैं। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
यह भी देखें: इंदौर में पहचान छिपाकर महिला को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप! शादी का झांसा, 4 साल के मासूम से गलत हरकत की शिकायत
फ्लैट में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक, निर्मल राजपूत मूल रूप से बागड़दा, एरोड्रम क्षेत्र का निवासी था और बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। वह राजकमल रेसीडेंसी में रहने वाली एक महिला का परिचित था। सोमवार देर रात फ्लैट में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस को मृतक के शरीर पर हल्के चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, इन निशानों की वजह क्या है और उनका मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यह भी देखें: मढ़ई में सांभर के सींग मिलने का मामला: फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा पहुंचीं, ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
महिला मित्र से पूछताछ, CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस फ्लैट में रहने वाली महिला से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति से अलग रहती है और निर्मल उसका परिचित था। पुलिस सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में निर्मल बिल्डिंग में पीछे के रास्ते से प्रवेश करता दिखाई दिया है। पुलिस उसके आने-जाने के समय और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
करीब 12 घंटे पुराना शव होने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि निर्मल की मौत सूचना मिलने से करीब 12 घंटे पहले हुई होगी। हालांकि, मौत का सटीक समय और परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आ रही जानकारियों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पत्नी और बेटी को छोड़ गया निर्मल
निर्मल के परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं। उसकी मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




















