गर्मी में चेहरे पर कपड़ा बांधना कितना सही?जानिए फायदे, नुकसान और स्किन बचाने के आसान तरीके

गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और लोग खुद को धूप से बचाने के लिए अलग-अलग उपाय अपना रहे हैं। कोई सनस्क्रीन लगा रहा है तो कोई छाता और स्कार्फ का सहारा ले रहा है। खासकर चेहरे को ढककर बाहर निकलना अब आम बात हो गई है। लेकिन क्या सिर्फ कपड़ा बांध लेने से त्वचा सुरक्षित रह सकती है? डॉक्टरों का कहना है कि अगर सही तरीके से चेहरे को कवर नहीं किया जाए तो इससे स्किन से जुड़ी कई परेशानियां भी हो सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि गर्मी में बचाव के साथ सही सावधानियां भी अपनाई जाएं।
धूप से बचने के लिए लोग क्यों बांधते हैं चेहरा
गर्मी के मौसम में तेज धूप, धूल और गर्म हवा से बचने के लिए लोग चेहरे पर स्कार्फ, गमछा या रूमाल बांधकर बाहर निकलते हैं। खासकर महिलाएं और कॉलेज जाने वाले युवा इस तरीके को ज्यादा अपनाते हैं। लोगों को लगता है कि इससे चेहरा काला नहीं पड़ेगा और टैनिंग से बचाव होगा। कुछ हद तक कपड़ा धूप और धूल को रोकता भी है, लेकिन केवल चेहरा ढक लेना पूरी सुरक्षा नहीं देता। डॉक्टरों के अनुसार अगर लंबे समय तक एक ही कपड़ा इस्तेमाल किया जाए तो वह त्वचा के लिए नुकसानदायक बन सकता है। इसलिए केवल चेहरे को ढकना ही काफी नहीं है बल्कि साफ और सही कपड़े का इस्तेमाल भी जरूरी है।
कपड़ा इस्तेमाल करना पड़ सकता है भारी
अक्सर लोग एक ही स्कार्फ या गमछे को कई दिनों तक इस्तेमाल करते रहते हैं। गर्मी में पसीना, धूल और प्रदूषण कपड़े में जमा होने लगता है। यही गंदगी चेहरे की त्वचा तक पहुंचती है और स्किन से जुड़ी परेशानियां शुरू हो सकती हैं। इस वजह से चेहरे पर पिम्पल्स, खुजली, एलर्जी और ऑयली स्किन जैसी समस्याएं होने लगती हैं। कई बार त्वचा की चमक भी कम हो जाती है। अगर कपड़ा समय पर साफ नहीं किया जाए तो उसमें बैक्टीरिया और फंगस भी पनप सकते हैं, जो चेहरे के लिए नुकसानदायक साबित होते हैं।
स्कार्फ में जमा पसीना बढ़ा सकता है इंफेक्शन
कई लड़कियां बाहर से आने के बाद स्कार्फ को बैग में रख देती हैं और बिना धोए दोबारा इस्तेमाल कर लेती हैं। ऐसे में कपड़े में जमा पसीना सूख नहीं पाता और उसमें फंगस बनने लगती है। यही फंगस बाद में त्वचा और बालों में संक्रमण का कारण बन सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी में इस्तेमाल होने वाले कपड़ों को रोज साफ करना चाहिए। खासकर चेहरे पर लगाने वाले कपड़े को बिना धोए बार-बार इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे स्किन हेल्दी रहती है और इंफेक्शन का खतरा कम होता है।
गर्मी में किस तरह के कपड़े पहनना बेहतर
गर्मी के मौसम में हमेशा सूती यानी कॉटन के कपड़े पहनने चाहिए। कॉटन शरीर को ठंडक देता है और पसीना जल्दी सोख लेता है। अगर चेहरे पर कपड़ा बांधना जरूरी हो तो कॉटन का हल्का और साफ कपड़ा ही इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा हल्के रंग के कपड़े गर्मी में ज्यादा आराम देते हैं। सफेद, हल्का नीला, क्रीम और गुलाबी जैसे रंग धूप को कम सोखते हैं, जिससे शरीर ज्यादा गर्म नहीं होता। वहीं काले और गहरे रंग के कपड़े गर्मी बढ़ाने का काम करते हैं।
सिर्फ कपड़ा नहीं, ये चीजें भी हैं जरूरी
धूप से बचने के लिए केवल स्कार्फ या गमछे पर निर्भर रहना सही नहीं है। बाहर निकलने से पहले अच्छी क्वालिटी की सनस्क्रीन जरूर लगानी चाहिए। इससे त्वचा पर धूप का असर कम पड़ता है और टैनिंग से बचाव होता है। इसके साथ ही छाता, टोपी और धूप का चश्मा भी इस्तेमाल करना चाहिए। कोशिश करें कि दोपहर की तेज धूप में कम बाहर निकलें और शरीर को हाइड्रेट रखें। सही खानपान और पर्याप्त पानी भी गर्मी से बचाने में मदद करता है।
ये भी पढ़ें: Heat Stroke Alert : हीट स्ट्रोक से पहले शरीर देता है Warning! भूलकर भी नजरअंदाज न करें ये 5 संकेत
गर्मी में लापरवाही पड़ सकती है भारी
बढ़ती गर्मी में छोटी छोटी सावधानियां ही आपको स्किन और हेल्थ की समस्याओं से बचा सकती हैं। चेहरे पर कपड़ा बांधना गलत नहीं है, लेकिन साफ और सही कपड़े का इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है। अगर आप रोजाना बाहर निकलते हैं तो स्किन की सफाई और धूप से बचाव पर खास ध्यान देना चाहिए। सही देखभाल से ही गर्मी में त्वचा को सुरक्षित और स्वस्थ रखा जा सकता है।











