Instagram Features: Reel देखकर वहीं देखें पूरा पॉडकास्ट! इंस्टाग्राम पर आएंगे 90 मिनट के हॉरिजॉन्टल वीडियो

पसंदीदा पॉडकास्ट की एक क्लिप दिखी और आपने वहीं पूरा एपिसोड देखना शुरू कर दिया, वो भी इंस्टाग्राम पर। कंपनी इसी अनुभव का टेस्ट शुरू कर रही है। ‘Features’ के जरिए 90 मिनट तक के लंबे वीडियो आएंगे, जिन्हें रील्स से सीधे जोड़ा जा सकेगा। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब नेटफ्लिक्स और डिज्नी जैसी कंपनियां भी क्रिएटर्स के पॉडकास्ट और वीडियो अपने प्लेटफॉर्म पर ला रही हैं। तो क्या अब मुकाबला YouTube से है?
इंस्टाग्राम का नया फीचर ‘Features’ क्या है?
इंस्टाग्राम अमेरिका के चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो का टेस्ट शुरू कर रहा है। यह फीचर खासतौर पर पॉडकास्टर, कॉमेडियन और लंबा कंटेंट बनाने वाले दूसरे क्रिएटर्स के लिए है। अभी तक इंस्टाग्राम की रील्स आमतौर पर करीब तीन मिनट या उससे कम की होती हैं। नया फीचर इस सीमा से कहीं आगे जाता है।
सोशल मीडिया से कमाई करनी है? जानिए Instagram और YouTube में कौन बेहतर
रील से फुल वीडियो तक- कैसे काम करेगा?
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि छोटी रील और लंबा वीडियो आपस में जुड़े होंगे। क्रिएटर अपनी रील को पूरे वीडियो से लिंक कर सकेंगे। इंस्टाग्राम की प्रोडक्ट वीपी टेसा लियोन्स ने इसे समझाते हुए कहा कि अगर आपको किसी पसंदीदा पॉडकास्ट की क्लिप दिखे, तो आप उस पर क्लिक करके वहीं से देखना जारी रख सकते हैं या पूरा वीडियो खोलकर शुरू से देख सकते हैं। इन वीडियो को इंस्टाग्राम के एक्सप्लोर पेज और दूसरी जगहों पर यूजर्स को रिकमेंड भी किया जाएगा।
कौन से क्रिएटर्स टेस्ट में शामिल हैं?
शुरुआती टेस्ट में कुछ जाने-माने नाम शामिल हैं। इनमें पॉडकास्ट होस्ट और Skims की सह-संस्थापक एमा ग्रेडे, ब्यूटी और फैशन क्रिएटर मोनेट मैकमाइकल, न्यूयॉर्क के लोगों से प्यार और रिश्तों पर बात करने वाले प्रेस्टन राकोव्स्की और फुटबॉल कंटेंट क्रिएटर डोनाल्ड डी ला हाये शामिल हैं। इंस्टाग्राम इस फीचर को ब्राजील में क्रिएटर्स के साथ पहले ही टेस्ट कर चुका है। अमेरिका में कंपनी की योजना इसे हजारों क्रिएटर्स तक पहुंचाने की है।
क्रिएटर्स की कमाई का क्या होगा?
लंबे वीडियो की सबसे बड़ी चुनौती कमाई का मॉडल है। टेसा लियोन्स के मुताबिक, इंस्टाग्राम शुरुआती क्रिएटर्स के साथ कुछ अलग-अलग डील्स पर काम कर रहा है। जिन क्रिएटर्स के पास पहले से विज्ञापन सौदे हैं, वे इन वीडियो में भी जारी रह सकेंगे। जिनके पास ऐसे सौदे नहीं हैं, उन्हें इंस्टाग्राम डील ढूंढने में मदद करेगा। इन वीडियो को इंस्टाग्राम पर डालने को लेकर कोई एक्सक्लूसिविटी नहीं है, यानी क्रिएटर वही वीडियो दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी डाल सकते हैं। यह नेटफ्लिक्स के पॉडकास्ट सौदों से अलग है, जहां एक्सक्लूसिविटी की शर्त होती है।
AI प्रोफाइल को लेकर Instagram के बदले नियम, अब क्रिएटर्स को देनी होगी ये जानकारी
कहां फंस सकता है पेच?
यह कदम ऐसे समय आया है जब नेटफ्लिक्स, डिज्नी और कई दूसरी कंपनियां क्रिएटर्स के पॉडकास्ट और वीडियो अपने प्लेटफॉर्म पर जोड़ रही हैं। इनका मकसद यूजर्स के देखने का ज्यादा समय हासिल करना और मनोरंजन की बड़ी ताकत YouTube को टक्कर देना है। इंस्टाग्राम के सामने सबसे बड़ी चुनौती YouTube का रेवेन्यू-शेयरिंग मॉडल है। YouTube योग्य क्रिएटर्स को विज्ञापन कमाई का 55 प्रतिशत हिस्सा देता है और ब्रांड डील दिलाने में भी मदद करता है। इंस्टाग्राम को इस मोर्चे पर क्रिएटर्स को भरोसा दिलाना होगा।
टीवी स्क्रीन पर भी आएगा अनुभव
‘Features’ फिलहाल मोबाइल पर उपलब्ध होगा, लेकिन कंपनी का लक्ष्य इस अनुभव को Instagram for TV तक ले जाना है। यह ऐप पिछले साल सैमसंग, फायर टीवी और गूगल टीवी के साथ शुरू हुआ था। अब अमेरिका में इसका विस्तार एप्पल टीवी पर भी हो रहा है।
‘Instagram सिर्फ लड़कियों के लिए’ एलन मस्क का कमेंट वायरल, यूजर्स ने जमकर दिए रिएक्शन
भारत में यह फीचर कब आएगा?
दर्शक अपने पसंदीदा पॉडकास्ट की क्लिप देखने के बाद पूरा एपिसोड उसी ऐप में देख सकेंगे। रील्स की तरह ही लंबे वीडियो भी एक्सप्लोर पेज पर सुझाए जाएंगे, और आगे चलकर टीवी स्क्रीन पर भी इन्हें देखने का विकल्प मिलेगा। भारत में यह फीचर कब आएगा, इसकी कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। अभी यह टेस्ट सिर्फ अमेरिका के चुनिंदा क्रिएटर्स तक सीमित है।



















