खिलचीपुर में जिला स्तरीय पेंशनर्स सम्मान समारोह आयोजित, 80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बुजुर्गों और नव पेंशनर्स का हुआ सम्मान

मध्य प्रदेश प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन की खिलचीपुर शाखा के तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर को जिला स्तरीय पेंशनर्स सम्मान समारोह एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। नगर के एक निजी गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से पेंशनर्स और संघ के पदाधिकारी शामिल हुए। समारोह में 80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले वरिष्ठ पेंशनर्स और इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह खींची, मध्य प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा, पेंशनर्स संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश नागर, प्रांतीय संगठन मंत्री अमर सिंह बिकावत, प्रांतीय सचिव लक्ष्मीनारायण त्रिकार, नगर परिषद उपाध्यक्ष शीतल विजय शर्मा और शाखा अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुरगेला सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रियव्रत सिंह खींची बोले- पेंशनर्स का समाज में विशेष स्थान
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह खींची ने कहा कि पेंशनर्स का समाज में विशेष स्थान है। उन्होंने कई पीढ़ियों को दिशा दी है और अपने कार्यकाल में देश तथा समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्होंने कभी अपने कार्यों का बखान नहीं किया।
उन्होंने खिलचीपुर में पेंशनर्स भवन की मांग पर संघ को हर संभव मदद देने का भरोसा भी दिलाया।
रघुनंदन शर्मा ने मांगों के निराकरण का दिया भरोसा
मध्य प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने कहा कि पेंशनर्स के बीच आकर उन्हें अपने परिवार जैसा अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि पेंशनर्स की मांगों और समस्याओं को समय-समय पर शासन स्तर पर उठाया जाता रहा है। उन्होंने पेंशनर्स की उचित मांगों के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही।
वहीं, नगर परिषद उपाध्यक्ष शीतल विजय शर्मा ने पेंशनर्स को माता-पिता के समान बताते हुए कहा कि पेंशनर्स भवन की मांग और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद स्तर पर हर संभव सहयोग किया जाएगा।
80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान
कार्यक्रम के संचालक एवं खिलचीपुर पेंशनर्स संघ के जिला उपाध्यक्ष और तहसील शाखा अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुरगेला ने कहा कि संघ द्वारा पेंशनर्स के सम्मान के लिए लगातार ऐसे आयोजन किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनर्स और नव पेंशनर्स के योगदान को सम्मान देना है। साथ ही, शासन स्तर पर लंबित मांगों और समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना भी संघ की प्राथमिकता है।
समारोह में 80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बद्रीलाल साहू, रमेश चंद्र सोनी, डॉ. एम.एल. गुप्ता, मांगीलाल पिपलोटिया, बद्रीलाल जावा और हामिद खां सहित अन्य वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान किया गया।
नव पेंशनर्स को भी किया गया सम्मानित
इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों में सुरेंद्र सिंह खींची, मूल सिंह खींची, ओम गुप्ता, हजारीलाल वर्मा, नरेंद्र कुमार व्यास, पूनम चंद्र टेलर और गोपाल दास जोगी को फूल-माला पहनाकर, श्रीफल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जीरापुर, सारंगपुर, ब्यावरा, छापीहेड़ा, तलेन, बोड़ा और पचोर सहित जिले की विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे। इनमें मोहनलाल पुष्पद, लक्ष्मीनारायण त्रिकार, कालूराम शाक्यवार, जगन्नाथ नागर, चेतन प्रसाद माथुर और कैलाश नारायण शर्मा सहित अनेक सदस्य शामिल हुए।




















