एयर होस्टेस वर्षा हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली दोस्त की पत्नी; 13 लाख की सुपारी, GPS से मिली लोकेशन और जंगल में कत्ल

बालाघाट। एक कार में लगा GPS, मोबाइल पर आती लाइव लोकेशन और 13 लाख रुपए की सुपारी... इन तीन कड़ियों ने मिलकर एक ऐसी खूनी साजिश को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। महाराष्ट्र के गोंदिया में एयर होस्टेस वर्षा तूरकर की हत्या की जांच में पुलिस ने जिस साजिश का पर्दाफाश किया है, वह चौंकाने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वर्षा की हत्या की पूरी पटकथा उसके दोस्त नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने लिखी थी। पति के कथित प्रेम संबंधों से नाराज मोना ने सुपारी किलर के जरिए वर्षा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
मायके आकर दोस्त के साथ घूमने गई थी वर्षा, जंगल में गई जान
पुणे निवासी 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तूरकर दीपावली के अवसर पर बालाघाट जिले के खैरलांजी स्थित अपने मायके आई हुई थी। 14 नवंबर को वह अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ महाराष्ट्र के गोंदिया से तिरोड़ा गई थी। वहां से लौटते समय बोंद्रानी गांव में शिव मंदिर के पास सुनसान जंगल में तीन अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया। हमलावरों ने वर्षा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस नृशंस हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
कार के GPS ने खोली लोकेशन, हमलावरों को मिलती रही जानकारी
पुलिस की जांच में हत्या की साजिश का सबसे अहम तकनीकी पहलू सामने आया। नितेश जिस कार से वर्षा के साथ गया था, वह उसकी पत्नी मोना अग्रवाल के नाम पर पंजीकृत थी। कार में लगे GPS की लाइव लोकेशन मोबाइल ऐप के जरिए मोना तक पहुंच रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी लोकेशन का इस्तेमाल कर हमलावरों ने कार का पीछा किया और वर्षा के जंगल तक पहुंचने की जानकारी हासिल की। इसके बाद सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया गया। यानी जिस तकनीक का इस्तेमाल वाहन की निगरानी के लिए किया गया था, वही हत्या की साजिश में अहम कड़ी बन गई।
नितेश की पत्नी मोना ने परिचित के जरिए रची साजिश
पुलिस के अनुसार, मोना अग्रवाल को अपने पति नितेश और वर्षा के बीच कथित प्रेम संबंधों का शक था। इसी बात से नाराज होकर उसने वर्षा की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए मोना ने अपने परिचित कुणाल कुंभलकर के माध्यम से शाहरुख पठान से संपर्क किया। वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपए की सुपारी तय की गई थी। पुलिस अब इस रकम के लेन-देन, साजिश में शामिल अन्य लोगों और वारदात से पहले की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है।
ये भी पढ़ें: बालाघाट में एयर होस्टेस की संदिग्ध मौत, दोस्त के साथ घूमने गई थी
200 CCTV कैमरों की जांच, चार गिरफ्तार और दो फरार
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया लोकल क्राइम ब्रांच ने छह विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक करीब 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभलकर, शाहरुख पठान और इमरान शेख को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, नलेन उर्फ नायलन शेख और कृष राउत अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
नितेश और मृतका के पति से भी पूछताछ, बढ़ सकते हैं आरोपी
पुलिस जांच में 13 लाख रुपए की सुपारी की रकम मोना अग्रवाल तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की भी पहचान की गई है। इस मामले में अब नितेश अग्रवाल और मृतका वर्षा तूरकर के पति सैयद से भी संदेह के आधार पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा सुपारी की रकम का भुगतान किस माध्यम से किया गया। पुलिस का मानना है कि पूछताछ और वित्तीय लेन-देन की जांच के बाद मामले में आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में एयर होस्टेस की धारदार हथियार से हत्या, वैनगंगा नदी किनारे मिला शव; लूटपाट की आशंका




















