बालाघाट में एयर होस्टेस की संदिग्ध मौत, दोस्त के साथ घूमने गई थी

बालाघाट। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, हालांकि महिला की मौत की वास्तविक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। साथ गए युवक ने नकाबपोश लोगों द्वारा मारपीट और लूटपाट किए जाने की बात कही है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
नदी किनारे गंभीर हालत में मिलीं वर्षा तुरकर
जानकारी के अनुसार, वर्षा शनिवार शाम करीब 4 बजे गोंदिया निवासी अपने एक परिचित युवक के साथ बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी के किनारे पहुंची थीं। शाम को युवक ने वर्षा के परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो वर्षा खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं और घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले थे।
ये भी पढ़ें: बालाघाट में ट्रेन की चपेट में आने से बाघ शावक की मौत, कई घंटे तक शव के पास दहाड़ती रही मां
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन वर्षा को तत्काल इलाज के लिए खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में शाम करीब 7 बजे उनकी मौत हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और फिलहाल उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
युवक ने नकाबपोशों पर लगाया मारपीट और लूटपाट का आरोप
वर्षा के साथ गए युवक ने पुलिस को बताया कि नदी किनारे कुछ नकाबपोश लोग पहुंचे थे। उन्होंने वर्षा के साथ मारपीट कर लूटपाट की और इसी हमले में उनकी जान चली गई। हालांकि युवक को घटना में किसी तरह की चोट नहीं आई है। पुलिस उसके बयान की पड़ताल करने के साथ ही घटनाक्रम की अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
महाराष्ट्र सीमा में होने के कारण दवनेवाड़ा पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने पर खैरलांजी पुलिस, वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप उईके और कटंगी एसडीओपी विकास सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल महाराष्ट्र की सीमा में होने के कारण दवनेवाड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है। खैरलांजी अस्पताल में मौत होने पर स्थानीय पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम के बाद संबंधित दस्तावेज महाराष्ट्र पुलिस को सौंपे जाएंगे।
वर्ष 2024 में हुआ था विवाह
परिजनों ने बताया कि वर्षा का विवाह वर्ष 2024 में हुआ था। उनके पति इंदौर में रहते हैं और उनकी करीब ढाई साल की बेटी है। दीपावली मनाने के लिए वर्षा अपनी बेटी के साथ मायके ग्राम नवेगांव आई थीं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।




















