Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाराष्ट्र में एयर होस्टेस की धारदार हथियार से हत्या, वैनगंगा नदी किनारे मिला शव; लूटपाट की आशंका

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंडरानी में वैनगंगा नदी किनारे 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह दीपावली पर बेटी के साथ मायके आई थी। शुरुआती तौर पर लूटपाट की आशंका है। पुलिस उसके साथ मौजूद परिचित और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
महाराष्ट्र में एयर होस्टेस की धारदार हथियार से हत्या, वैनगंगा नदी किनारे मिला शव; लूटपाट की आशंका

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक एयर होस्टेस की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे 35 वर्षीय वर्षा तुरकर का शव खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला के शरीर और खासकर पीठ पर धारदार हथियार से चार वार किए गए थे। शुरुआत में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात की असली वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बेटी के साथ मायके आई थी एयर होस्टेस

मृतका की पहचान वर्षा तुरकर पति समर सैयद (35), निवासी पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। वर्षा पेशे से एयर होस्टेस थी। साल 2024 में समर सैयद से प्रेम विवाह के बाद वह पुणे में रहने लगी थी। उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। दीपावली के अवसर पर वर्षा अपनी बेटी के साथ मायके आई हुई थी। इसी दौरान 14 नवंबर की शाम वह अपने परिचित रितेश अग्रवाल, निवासी गोंदिया, के साथ घूमने के लिए महाराष्ट्र के बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी के तट पर पहुंची थी। उसे अंदाजा भी नहीं था कि यह सैर उसकी आखिरी यात्रा साबित होगी।

शाम को आया फोन, बताया- हमारे साथ हुई लूटपाट

मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रितेश अग्रवाल ने वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन किया। उसने बताया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और कुछ लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। हमलावर मौके से फरार हो गए हैं और वर्षा गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही अश्विनी अपने परिजनों के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हुए। वहां वर्षा खून से लथपथ हालत में मिली। परिजन उसे तुरंत खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रितेश और बहनोई से पुलिस कर रही पूछताछ

घटना की सूचना खैरलांजी थाना पुलिस को दी गई। चूंकि वारदात महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई थी, इसलिए खैरलांजी पुलिस ने संबंधित थाने को जानकारी दी। बताया गया है कि वर्षा के साथ मौजूद रितेश अग्रवाल और उसके बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को दौनीवाड़ा पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटनास्थल पर क्या हुआ था और वर्षा पर हमला किसने किया। फिलहाल पुलिस ने किसी की भूमिका को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष नहीं बताया है।

पढ़ाई के दौरान हुई थी रितेश से पहचान

परिजनों के अनुसार, वर्षा की पहचान पढ़ाई के दौरान गोंदिया निवासी रितेश अग्रवाल से हुई थी। साल 2024 में उसने समर सैयद से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद परिवार ने नवेगांव छोड़कर किन्ही में रहना शुरू कर दिया था। वर्षा अपने पति के साथ पुणे में रहती थी। दीपावली पर मायके आने के दौरान रितेश भी किन्ही पहुंचा था। इसके बाद 14 नवंबर की शाम वर्षा उसके साथ घूमने के लिए बोंडरानी गई थी।

पिता ने की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग

वर्षा के पिता धुरंलाल तुरकर ने बताया कि उनकी बेटी पुणे में एयर होस्टेस के रूप में काम करती थी। दीपावली पर वह अपनी बेटी के साथ मायके आई थी। 14 नवंबर की शाम रितेश के साथ घूमने जाने के बाद परिवार को उसके दामाद का फोन आया, जिसमें वर्षा की हत्या की जानकारी दी गई। पिता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

महाराष्ट्र पुलिस को भेजे जा रहे दस्तावेज

वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम खैरलांजी अस्पताल से तहरीर मिलने पर पुलिस को घटना की जानकारी हुई थी। उन्होंने बताया कि हत्या महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोंडरानी गांव में वैनगंगा नदी के किनारे हुई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम किया है। संबंधित दस्तावेज और डायरी दौनीवाड़ा पुलिस को भेजी जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts