Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में भारत का दबदबा, टॉप-5 यूनिवर्सिटी में SRM और एमिटी भी शामिल

टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) ने इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 जारी कर दी है। इस रैंकिंग में भारत ने सबसे ज्यादा भागीदारी वाले देशों और क्षेत्रों में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि अमेरिका की यूनिवर्सिटीज ने वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थानों पर अपना दबदबा कायम रखा है।
इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में भारत का दबदबा, टॉप-5 यूनिवर्सिटी में SRM और एमिटी भी शामिल
इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में भारत का दबदबा

भारत में सेविथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज ने पहला स्थान हासिल किया है। संस्थान को वैश्विक स्तर पर 62वीं रैंक मिली है। वहीं, जामिया मिलिया इस्लामिया दूसरे और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी तीसरे स्थान पर रही। वैश्विक रैंकिंग में MIT लगातार तीसरे साल पहले स्थान पर है।

भारत में सेविथा इंस्टीट्यूट को मिला पहला स्थान

THE की इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में सेविथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज ने भारत में शीर्ष स्थान हासिल किया है। संस्थान की वैश्विक रैंक 62 है और इसका कुल स्कोर 66.9 रहा। इसके बाद जामिया मिलिया इस्लामिया 65.6 स्कोर के साथ 69वीं वैश्विक रैंक पर दूसरे स्थान पर और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 63.6 स्कोर के साथ 80वीं रैंक पर तीसरे स्थान पर रही।

ये भी पढ़ें: दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज में हंगामा, प्रोफेसर पर अनुचित व्यवहार का आरोप, जबरन छुट्टी पर भेजे गए

भारत की टॉप-5 यूनिवर्सिटी में SRM और एमिटी भी शामिल

भारतीय संस्थानों की सूची में चौथे स्थान पर SRM इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी रहा, जिसे वैश्विक स्तर पर 82वीं रैंक और 63.3 स्कोर मिला। वहीं, एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा 63.2 स्कोर के साथ 85वीं रैंक पर पांचवें स्थान पर रही। इसके अलावा मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन 87वीं रैंक और 62.9 स्कोर के साथ छठे स्थान पर रही, जबकि अन्ना यूनिवर्सिटी ने 61.9 स्कोर के साथ 100वीं रैंक हासिल की।

दिल्ली यूनिवर्सिटी और JNU समेत कई संस्थानों ने बनाई जगह

भारतीय संस्थानों की वैश्विक रैंकिंग में शूलिनी यूनिवर्सिटी ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट साइंसेज और दिल्ली यूनिवर्सिटी संयुक्त रूप से 136वें स्थान पर रहीं। अमृता विश्व विद्यापीठम को 143वीं और पंजाब यूनिवर्सिटी को 150वीं रैंक मिली। वहीं, केआर मंगलम यूनिवर्सिटी 179वें, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी 184वें और KIIT यूनिवर्सिटी 195वें स्थान पर रही। इनके कुल स्कोर क्रमशः 52.8, 52.3 और 51.4 रहे।

201 से 350 की रैंकिंग में भी कई भारतीय संस्थान शामिल

वैश्विक रैंकिंग में 201-250 के बैंड में ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, मारवाड़ी यूनिवर्सिटी, सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और UPES शामिल हैं। वहीं, 251-300 के बैंड में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, चितकारा यूनिवर्सिटी, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी और महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय ने जगह बनाई। इसके अलावा 301-350 के बैंड में अलगप्पा यूनिवर्सिटी और एमिटी यूनिवर्सिटी गुरुग्राम शामिल हैं।

Breaking News

MIT लगातार तीसरे साल दुनिया में नंबर-1

वैश्विक रैंकिंग में अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) ने लगातार तीसरे साल पहला स्थान बरकरार रखा है। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर आठवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी तीसरे और कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी चौथे स्थान पर रही। कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी पांचवें, ड्यूक यूनिवर्सिटी छठे और नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी व यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर रहीं। नीदरलैंड्स की वेगेनिंगेन यूनिवर्सिटी एंड रिसर्च नौवें और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले दसवें स्थान पर रही। खास बात यह है कि पहली बार टॉप-10 में तीन एशियाई यूनिवर्सिटी शामिल हुई हैं।

102 देशों के 1,058 संस्थान रैंकिंग में शामिल

इस साल की रैंकिंग में 102 देशों और क्षेत्रों के कुल 1,058 संस्थानों को शामिल किया गया है, जबकि पिछले साल 94 देशों और क्षेत्रों के 911 संस्थान इस सूची में थे। एशिया में भागीदारी बढ़ने के कारण इस बार कुल 565 एशियाई संस्थानों को रैंकिंग में जगह मिली, जबकि पिछले साल यह संख्या 478 थी। एशिया के ये संस्थान यूरोप के 218 और अफ्रीका के 113 संस्थानों की कुल संख्या से भी ज्यादा हैं। इस तरह इंटरडिसिप्लिनरी साइंस में भारत की मजबूत भागीदारी के साथ एशिया का प्रदर्शन भी वैश्विक स्तर पर उभरकर सामने आया है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts