ट्रंप का बड़ा खुलासा: अमेरिका और चीन एक-दूसरे की करते हैं जासूसी, बोले- हम उनसे बेहतर हैं

शेन्जेन (चीन)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया है कि अमेरिका और चीन एक-दूसरे की खुफिया जानकारी जुटाने में लगे रहते हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि जासूसी के मामले में अमेरिकी एजेंसियां चीन से ज्यादा बेहतर तरीके से काम करती हैं। APEC शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के शेन्जेन से फॉक्स न्यूज को दिए गए लाइव इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चीन की जासूसी करता है और चीन भी अमेरिका पर नजर रखता है। हालांकि उन्होंने जोड़ा कि अमेरिकी एजेंसियां इस मामले में चीन से बेहतर हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग को लेकर अमेरिका में नई जांच शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: ताइवान मुद्दे पर शी जिनपिंग ने ट्रंप को दी नसीहत, बोले- संभलकर कदम उठाए अमेरिका; रूस-चीन-US के सहयोग पर जोर
नहीं करा सकेंगे जासूसी बंद
इंटरव्यू के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह चीन से अमेरिका के खिलाफ जासूसी गतिविधियां बंद करने के लिए कहेंगे, तो उन्होंने कहा कि चीन भी उनसे यही अनुरोध कर सकता है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर अनिश्चितता जताई कि वह ऐसा अनुरोध मानेंगे या नहीं।
AI पर शी जिनपिंग से हुई चर्चा, जेन्सेन हुआंग का संक्षिप्त जिक्र
ट्रंप ने बताया कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी बातचीत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का मुद्दा भी शामिल था। इस दौरान एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग का नाम भी सामने आया, लेकिन उनके बारे में बहुत संक्षिप्त चर्चा हुई।
इससे पहले बुधवार को फॉक्स न्यूज के एक कार्यक्रम में दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने स्पष्ट किया था कि एनवीडिया चिप विवाद पर शी जिनपिंग के साथ कोई विस्तृत बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे का उल्लेख केवल थोड़े समय के लिए किया गया था, क्योंकि उनके अनुसार यह बेहद दुखद मामला है।
एलिस हुआंग के चीनी सुरक्षा मंत्रालय से संबंधों की जांच
इस पूरे विवाद के बीच अमेरिकी खुफिया एजेंसियां एलिस हुआंग को लेकर भी जानकारी जुटा रही हैं। मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि एलिस हुआंग के चीन के सुरक्षा मंत्रालय के साथ किस तरह के संबंध हैं। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि एलिस हुआंग ने चीन तक कौन-कौन सी जानकारियां पहुंचाई हो सकती हैं। यह मामला एनवीडिया की चिप्स और चीन से जुड़े विवाद के कारण अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण बन गया है।
जेन्सेन हुआंग को दी क्लीनचिट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग की खुलकर तारीफ की है। चीनी जासूस बताई जा रही एक महिला के साथ संबंधों को लेकर विवादों में घिरे हुआंग को ट्रंप ने बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति बताया। इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने इसे दुखद घटना बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं सुना है जिससे संबंधित महिला के जासूस होने की पुष्टि होती हो। ट्रंप ने एलिस को खूबसूरत महिला बताते हुए यह भी कहा कि चीन से आने वाली किसी भी खूबसूरत महिला को लोग जासूस मानने लगते हैं।




















