Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आगरा में भाई ने की भाई की हत्या, पत्थर से किए वार; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के आगरा में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर सगे भाई पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें उसकी जान चली गई। घटना न्यू आगरा थाना क्षेत्र के सुरेशनगर की है।
आगरा में भाई ने की भाई की हत्या, पत्थर से किए वार; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आगरा में भाई ने की भाई की हत्या

आगरा। हमले में घायल शाहिद को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि परिवार में संपत्ति और आपसी विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आगरा के सुरेशनगर में सगे भाई पर हमला

मामला आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र के सुरेशनगर का है। यहां शाहिद की उनके ही सगे भाई अफसर कुरैशी और भतीजे पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें: सागर में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिला महिला का शव, हत्या की आशंका; सिर और गले पर चोट के निशान

स्कूटी से जा रहे शाहिद को रास्ते में घेरा

जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को शाहिद अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि उनके भाई अफसर कुरैशी और भतीजे ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने एक बार वार करने के बाद भी शाहिद को नहीं छोड़ा और कई बार पत्थर से हमला किया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत

हमले में शाहिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Breaking News

संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका

बताया जा रहा है कि परिवार में संपत्ति और आपसी विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते शाहिद की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार

मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी भाई और उसका बेटा फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, वारदात से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें स्कूटी सवार शाहिद पर हमला होता दिखाई दे रहा है।

पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि पुलिस को एक व्यक्ति पर पत्थर से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts