Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में 'बच्चे के पेट में बच्चा'! 30 दिन के मासूम के शरीर से निकाला दूसरा भ्रूण, 4 घंटे की जटिल सर्जरी से बची जान

इंदौर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में डॉक्टरों ने दुर्लभ फीटस-इन-फीटू बीमारी से पीड़ित 30 दिन के मासूम अयांश की सफल सर्जरी की। बच्चे के पेट में दूसरा अविकसित भ्रूण मौजूद था, जिसमें हाथ-पैर और रीढ़ के हिस्से विकसित हो चुके थे। करीब चार घंटे चले ऑपरेशन में डॉक्टरों ने भ्रूण बाहर निकालकर मासूम की जान बचाई। यह इंदौर में इस तरह का पहला मामला बताया जा रहा है।
इंदौर में 'बच्चे के पेट में बच्चा'! 30 दिन के मासूम के शरीर से निकाला दूसरा भ्रूण, 4 घंटे की जटिल सर्जरी से बची जान

इंदौर। इंदौर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चिकित्सा जगत का एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां डॉक्टरों ने 30 दिन के एक मासूम के पेट से अविकसित भ्रूण निकालकर उसे नई जिंदगी दी है। हैरानी की बात यह थी कि बच्चे के पेट में एक दूसरा भ्रूण विकसित हो रहा था, जिसमें हाथ-पैर, जननांग और रीढ़ की हड्डी के हिस्से भी बन चुके थे। मेडिकल साइंस में इस दुर्लभ जन्मजात विकृति को 'फीटस-इन-फीटू' (Fetus in Fetu) कहा जाता है। डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद भ्रूण को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।

ये भी पढ़ें: जेन्सेन हुआंग विवाद पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- चीन की खूबसूरत महिलाओं को जासूस मान लेते हैं लोग

30 दिन के मासूम के पेट में मिला दूसरा भ्रूण

जानकारी के मुताबिक, जूनी इंदौर निवासी कुनाल वर्मा और दीपमाला के बेटे अयांश के पेट में जन्म से ही गांठ जैसी संरचना मौजूद थी। गर्भावस्था के आठवें महीने में ही इसकी आशंका सामने आ गई थी। बच्चे के जन्म के बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया। यहां पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने आवश्यक जांच और परीक्षण किए। जांच में पता चला कि बच्चे के पेट में मौजूद गांठ सामान्य नहीं, बल्कि एक अविकसित भ्रूण है। इसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन का फैसला लिया।

 

ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर के साथ शादी में खुश नहीं हैं आलिया भट्ट? एक्ट्रेस ने शादी को लेकर कही ये बात

चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी, पेट से निकाला अविकसित भ्रूण

अस्पताल में 4 नवंबर 2026 को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन किया। करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक चली इस सर्जरी में बेहद सावधानी बरती गई। बच्चे के शरीर के अंदर मौजूद अविकसित भ्रूण को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया।इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि भ्रूण में शरीर के कई अंग विकसित हो चुके थे। उसमें दो पैर, दो हाथ, जननांग और रीढ़ की हड्डी के कुछ हिस्से प्राथमिक अवस्था में मौजूद थे। डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती नवजात के नाजुक अंगों को सुरक्षित रखते हुए अविकसित भ्रूण को अलग करना था।

ये भी पढ़ें: जबलपुर के भेड़ाघाट में भीषण हादसा: ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, तीन की मौत

क्या होता है फीटस-इन-फीटू?

फीटस-इन-फीटू एक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति है। इसमें जुड़वां गर्भावस्था के दौरान एक भ्रूण दूसरे विकसित हो रहे भ्रूण के शरीर के भीतर समाहित हो जाता है। इसके बाद वह उसी के शरीर में अविकसित अवस्था में मौजूद रहता है। आम भाषा में इसे 'बच्चे के अंदर बच्चा' होना कहा जाता है।चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, यह स्थिति लगभग पांच लाख जीवित जन्मों में से किसी एक में देखने को मिलती है। ऐसे मामलों में समय पर पहचान और विशेषज्ञों की निगरानी बेहद जरूरी होती है। जन्म के बाद अविकसित भ्रूण को निकालने के लिए सर्जरी की जाती है।

 

ये भी पढ़ें: एक टैटू ने खत्म कर दी पिता-पुत्र की जुदाई! रेलवे स्टेशन पर मिले बच्चे को अपनों से मिलाया,प्रशासन ने चंद घंटों में खोज निकाला परिवार

ऑपरेशन के बाद एनआईसीयू में रखा गया मासूम

जटिल ऑपरेशन के बाद बच्चे को विशेष निगरानी और देखभाल के लिए अस्पताल की पीडियाट्रिक सर्जरी एनआईसीयू में रखा गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रख रही थी। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा और बच्चा फिलहाल स्वस्थ बताया गया है। इस सफलता से परिवार ने भी राहत की सांस ली है।

 

ये भी पढ़ें: Instagram New Update: अब Story पोस्ट करने के बाद भी बदल सकेंगे Text, Music और Stickers, जानें कैसे करेगा काम

इंदौर में पहली बार हुआ ऐसा ऑपरेशन

अस्पताल के डॉक्टर अशोक लड्ढा के मुताबिक, इंदौर में इस तरह का ऑपरेशन पहली बार किया गया है और इससे पहले इस तरह के मामले की स्थानीय स्तर पर जानकारी दर्ज नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर गर्भावस्था के दौरान सोनोग्राफी से इस विकृति का पता चल सकता है, लेकिन अयांश के मामले में ऐसा नहीं हो पाया।डॉक्टर के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान इस तरह की स्थिति में ऑपरेशन करना जोखिम भरा हो सकता है और दोनों भ्रूणों की जान को खतरा हो सकता है। इसलिए जन्म के बाद स्थिति का आकलन कर सर्जरी की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि सामान्य तौर पर इस तरह के ऑपरेशन का खर्च करीब चार से पांच लाख रुपए तक हो सकता है।

ये भी पढ़ें: बैंड-बाजा-बारात; भारत में शादी का सीजन बढ़ाएगा कारोबार, 52 लाख शादियों में 7.5 लाख करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद

दुर्लभ बीमारी ने बढ़ाई चुनौती, डॉक्टरों की टीम ने दी नई जिंदगी

30 दिन के मासूम के पेट में दूसरे भ्रूण की मौजूदगी का मामला डॉक्टरों के लिए भी असाधारण चुनौती था। समय पर जांच, सही उपचार और विशेषज्ञों की टीम की मेहनत से अयांश की जान बचाई जा सकी। यह मामला चिकित्सा विज्ञान में दुर्लभ जन्मजात विकृतियों की पहचान और उनके उपचार की अहमियत को भी सामने लाता है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts