2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाई धर्म को छोड़ सकता है पीछे; जानिए क्या कहती है रिपोर्ट

दुनिया में धार्मिक आबादी का गणित आने वाले वर्षों में बदल सकता है। प्यू रिसर्च सेंटर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और 2035 तक ईसाई धर्म को पीछे छोड़ सकता है। रिपोर्ट में इसकी बड़ी वजह मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि बताई गई है। मौजूदा समय में ईसाई और मुस्लिम आबादी के बीच अंतर बहुत कम रह गया है। ऐसे में आने वाले दशकों में वैश्विक धार्मिक जनसंख्या का समीकरण बदलने का अनुमान है।

2035 तक कितनी हो जाएगी मुस्लिम और ईसाई आबादी?
प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2020 में दुनिया भर में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या करीब 2.52 अरब तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, अगर आबादी बढ़ने की मौजूदा रफ्तार जारी रहती है तो 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो सकती है। वहीं, ईसाई आबादी 3 अरब से थोड़ी कम रहने का अनुमान है।

मुस्लिम आबादी तेजी से क्यों बढ़ रही है?
प्यू रिसर्च सेंटर के विशेषज्ञों के मुताबिक, मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि के पीछे एक प्रमुख कारण प्रजनन दर है। अन्य बड़े धार्मिक समूहों की तुलना में मुस्लिम महिलाओं के औसतन अधिक बच्चे होने की बात रिपोर्ट में कही गई है। प्यू रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे बच्चों की संख्या एक अहम वजह है। यानी धार्मिक आबादी में वृद्धि का संबंध केवल धर्म परिवर्तन से नहीं, बल्कि जन्म दर और जनसंख्या की उम्र जैसी स्थितियों से भी है।
जामिया में 20 साल बाद होंगे छात्रसंघ चुनाव, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जारी किया आदेश
2070 तक दुनिया की आबादी में कितना होगा बदलाव?
रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में करीब 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान ईसाई आबादी में लगभग 30 प्रतिशत और मुस्लिम आबादी में करीब 80 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। हालांकि, हिंदू और यहूदी धर्म को मानने वालों की कुल संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी कम होने का अनुमान जताया गया है।
बौद्ध आबादी में आ सकती है गिरावट
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार, आने वाले दशकों में बौद्ध धर्म को मानने वालों की संख्या और वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी, दोनों में कमी आ सकती है। इसकी एक वजह चीन, दक्षिण कोरिया और जापान जैसे देशों में कुल आबादी का घटने का अनुमान है। इस तरह आने वाले वर्षों में दुनिया की धार्मिक आबादी का अनुपात बदल सकता है। हालांकि, ये आंकड़े जनसंख्या के मौजूदा रुझानों पर आधारित अनुमान हैं, भविष्य की निश्चित स्थिति नहीं।




















