Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

युवक-युवती को गांजा रखकर फंसाने की धमकी वाले मामले में एक और कार्रवाई, यातायात प्रभारी विजय बघेल भी सस्पेंड

सिवनी होटल कांड में युवक-युवती को गांजा रखकर एनडीपीएस एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के प्रकरण में यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल को भी निलंबित कर दिया गया है। अंतरिम जांच रिपोर्ट में उनकी प्रथम दृष्टया संलिप्तता संदिग्ध मिलने के बाद कार्रवाई हुई। इस मामले में अब तक सात पुलिसकर्मी निलंबित हो चुके हैं। होटल संचालक ने पुलिस टीम पर हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है।
युवक-युवती को गांजा रखकर फंसाने की धमकी वाले मामले में एक और कार्रवाई, यातायात प्रभारी विजय बघेल भी सस्पेंड
फाइल फोटो

भोपाल। सिवनी के होटल के कमरे में युवक-युवती को गांजा रखकर एनडीपीएस एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के चर्चित प्रकरण में पुलिस विभाग की कार्रवाई का दायरा बढ़ता जा रहा है। अब सिवनी के यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल को भी निलंबित कर दिया गया है। जबलपुर जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबन के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि में बघेल को जबलपुर रक्षित केंद्र से संबद्ध किया गया है।

वीडियो में पुलिसकर्मियों का आपत्तिजनक व्यवहार आया था सामने 

मामले से जुड़े वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी होटल के कमरे में मौजूद युवक और युवती से आपत्तिजनक तरीके से बातचीत करते दिखाई दिए थे। वीडियो में उन्हें बैग में गांजा रखकर एनडीपीएस एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हुए देखा गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी ने अंतरिम जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें विजय बघेल की प्रथम दृष्टया संलिप्तता और आचरण संदिग्ध पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और जबलपुर रक्षित केंद्र में नियमित उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

ये भी पढ़ें: सिवनी वायरल वीडियो मामले में ASP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, CM डॉ. मोहन यादव ने दिए जांच के आदेश

एएसपी से लेकर आरक्षक स्तर तक हो चुकी है कार्रवाई 

इस प्रकरण में इससे पहले भी पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों ने एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के चालक और गनमैन शामिल हैं। अब यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल के निलंबन के बाद इस मामले में कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों की संख्या सात हो गई है। वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर मैदानी अमले तक पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में प्रकरण को लेकर हलचल बनी हुई है।

होटल संचालक ने लगाया 50 हजार रुपए मांगने का आरोप 

मामले में होटल संचालक ने पुलिस टीम पर हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप ने पूरे प्रकरण को एक नया आयाम दे दिया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल संचालक की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल अंतरिम जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: Seoni Hotel Raid Video: 'शादी करो, वरना गांजा रख देंगे', MP के ASP पर कपल को धमकाने का आरोप; होटल रेड का VIDEO वायरल

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts