PlayBreaking News

ABVP Protest:कॉलेज के पास शराब दुकान पर छात्रों का विरोध, ABVP ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

भोपाल के महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने सात दिन में निर्णय का आश्वासन दिया है।
Follow on Google News
कॉलेज के पास शराब दुकान पर छात्रों का विरोध, ABVP ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
फाइल फोटो

भोपाल। महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान को लेकर मंगलवार को भोपाल में छात्रों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पॉलिटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए और दुकान को हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि कॉलेज के पास शराब दुकान होने से छात्राओं की सुरक्षा और पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। बाद में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा पहुंचे और सात दिन में मामले पर फैसला लेने का भरोसा दिया।

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज

प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों का कहना था कि शहर के सबसे बड़े गर्ल्स कॉलेजों में शामिल एमएलबी कॉलेज के पास शराब दुकान का संचालन उचित नहीं है। उनका मानना है कि कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को इससे असहज माहौल का सामना करना पड़ता है। छात्रों ने कहा कि शिक्षा संस्थानों के आसपास ऐसा वातावरण नहीं होना चाहिए, जिससे पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हों।

ये भी पढ़ें: Dr. Mohan Yadav Cabinet : एमपी में UCC पर तेजी से काम, 5 जुलाई तक तैयार होगा ड्राफ्ट, मानसून सत्र में विधेयक

पॉलिटेक्निक चौराहे पर हुआ प्रदर्शन

ABVP कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर नारे लगाए। कुछ छात्र बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर विरोध जताते दिखाई दिए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था की थी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारी मौजूद रहे ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

कलेक्टर ने दिया सात दिन का समय

प्रदर्शन के बीच भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह मामला पहले से प्रशासन के संज्ञान में है और नियमानुसार इसकी जांच की जा रही है। कलेक्टर ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सभी तथ्यों की समीक्षा कर सात दिन के भीतर निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चल रही प्रक्रिया

कलेक्टर ने बताया कि इस मामले में पहले भी शिकायतें और ज्ञापन मिले थे। इसके आधार पर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था। बाद में मामला न्यायालय तक पहुंचा। अदालत ने जिला स्तरीय समिति को सुनवाई कर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। अब समिति कॉलेज और शराब दुकान के बीच की दूरी समेत सभी नियमों की जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केवल शराब दुकान हटाने की मांग ही नहीं की बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग रखी। विद्यार्थियों का कहना है कि फ्लाईओवर के आसपास कई बार असामाजिक गतिविधियां देखने को मिलती हैं। ऐसे में वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें: धक्का लगा, कहासुनी हुई और फिर चला चाकू ; बेगमगंज में युवक की मौत

एक साल से चल रही मांग

ABVP नेताओं का कहना है कि यह मुद्दा नया नहीं है। पिछले एक साल से परिषद लगातार प्रशासन के सामने यह मांग रख रही है। कई बार ज्ञापन देने और अधिकारियों से चर्चा करने के बावजूद कोई ठोस फैसला नहीं हो पाया। इसी कारण विद्यार्थियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts