PlayBreaking News

धक्का लगा, कहासुनी हुई और फिर चला चाकू ;बेगमगंज में युवक की मौत

रायसेन जिले के बेगमगंज में मोहर्रम की सवारी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। धक्का-मुक्की के बाद 16 वर्षीय मुबारिक अली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी 17 वर्षीय सरफराज खान को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Follow on Google News
बेगमगंज में युवक की मौत
मृतक कल्लू उर्फ मुबारिक अली

बेगमगंज। मोहर्रम की सवारी के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। रायसेन जिले के बेगमगंज में धक्का-मुक्की को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद एक किशोर ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सवारी के दौरान हुई थी धक्का-मुक्की

जानकारी के अनुसार, टेकरी खिरिया नारायण दास से चांद शाह बाबा की सवारी निकल रही थी। सवारी जब एक संकरी गली से गुजर रही थी, तभी 17 वर्षीय सरफराज खान और 16 वर्षीय मुबारिक अली उर्फ कल्लू के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच झूमा-झटकी भी हुई, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। हालांकि विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सवारी जब पुराना बस स्टैंड पहुंची और दहकते अंगारों के अलाव को बुझाने की रस्म चल रही थी, उसी दौरान दोनों युवक फिर आमने-सामने आ गए।

सीने में घोंपा चाकू, मौके पर मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि विवाद दोबारा बढ़ने पर सरफराज खान ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और मुबारिक अली के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगते ही मुबारिक अली जमीन पर गिर पड़ा और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

Breaking News

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि मृतक मुबारिक अली के बड़े भाई हसीब अली की शिकायत पर आरोपी सरफराज खान पिता फिरोज खान, निवासी हदाईपुर बेगमगंज के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना वाली रात ही गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts