Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Winter Care Tips: सर्दियों में बच्चों को बीमारियों से कैसे बचाएं? अपनाएं ये 5 जरूरी आदतें

सर्दियों में बच्चों को सर्दी-जुकाम, खांसी और फ्लू से बचाने के लिए उनके गर्म कपड़ों, खान-पान और साफ-सफाई का ध्यान रखें। जानें बच्चों को स्वस्थ रखने की 5 जरूरी आदतें, हाथ धोने का सही तरीका, टीकाकरण का महत्व और किन लक्षणों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
Winter Care Tips: सर्दियों में बच्चों को बीमारियों से कैसे बचाएं? अपनाएं ये 5 जरूरी आदतें

सर्दियों के मौसम में बच्चों की सेहत का खास ध्यान रखना जरूरी है। इस दौरान सर्दी-जुकाम, खांसी और फ्लू जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। छोटे बच्चों में संक्रमण का खतरा भी अधिक रहता है, क्योंकि खेलते समय वे अक्सर गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह छू लेते हैं। ऐसे में माता-पिता को बच्चों के कपड़ों, खान-पान और साफ-सफाई से जुड़ी कुछ आदतों पर ध्यान देना चाहिए। छोटी-छोटी सावधानियां बच्चों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं।

1. मौसम के हिसाब से पहनाएं गर्म कपड़े

ठंड बढ़ने पर बच्चों को मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनाएं। कपड़ों की ऐसी परतें रखें, जिन्हें जरूरत के हिसाब से कम या ज्यादा किया जा सके। सिर, कान, हाथ और पैरों को ठंड से बचाने के लिए टोपी, मोजे और दस्ताने पहनाएं। हालांकि, बच्चों को जरूरत से ज्यादा कपड़ों में न लपेटें। इससे उन्हें पसीना आ सकता है और परेशानी हो सकती है। बच्चा घर के अंदर है या बाहर खेल रहा है, इस हिसाब से उसके कपड़ों का ध्यान रखें। नवजात बच्चों को सुलाते समय बहुत भारी कंबल से ढकने से बचें, ताकि उनका शरीर जरूरत से ज्यादा गर्म न हो।

2. खाने-पीने का रखें खास ध्यान

सर्दियों में बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाते रहें। ठंड के कारण उन्हें प्यास कम लग सकती है, लेकिन शरीर को पानी की जरूरत बनी रहती है। बच्चों के भोजन में दाल, दूध, दही, पनीर, अंडा, हरी सब्जियां और मौसमी फल शामिल करें। संतरा, अमरूद और आंवला जैसे फल विटामिन-C के अच्छे स्रोत हैं। कोशिश करें कि बच्चों को ताजा और घर का बना खाना मिले।

health

3. हाथ धोने और साफ-सफाई की आदत डालें

बच्चों को छोटी उम्र से ही हाथ धोने की आदत सिखाएं। खाना खाने से पहले, बाहर से घर आने के बाद और टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद साबुन से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धुलवाएं। इसके अलावा, बच्चों को खांसते या छींकते समय मुंह पर रुमाल या कोहनी रखने की आदत डालें। उनकी पानी की बोतल, तौलिया और रुमाल दूसरों के साथ साझा न करने दें।

4. घर का माहौल रखें साफ और हवादार

बच्चों के कमरे और आसपास की जगह को साफ रखें। समय-समय पर खिड़कियां खोलें, ताकि कमरे में ताजी हवा आ सके। अगर घर में कोई सदस्य सर्दी-जुकाम या फ्लू से परेशान है, तो बच्चे से थोड़ी दूरी बनाए रखे। बच्चे के सामने खांसने या छींकने से बचें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।

5. टीकाकरण कराएं, लक्षण दिखें तो डॉक्टर से मिलें

बच्चों के नियमित टीकाकरण का ध्यान रखें। फ्लू वैक्सीन के बारे में भी डॉक्टर से सलाह लें। अगर बच्चे को बुखार, लगातार खांसी या नाक बहने जैसी परेशानी हो, तो उसकी तबीयत पर नजर रखें। बहुत तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, सांस लेते समय पसलियों का अंदर धंसना या असामान्य सुस्ती जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। बिना डॉक्टर की सलाह के बच्चों को सर्दी-जुकाम की दवाएं न दें।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts