Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शरीर में चुपचाप बढ़ रही डायबिटीज! लक्षण दिखने से पहले इन 2 चीजों पर दें ध्यान

डायबिटीज शरीर में लंबे समय तक बिना लक्षणों के रह सकती है और धीरे-धीरे नसों, आंखों व किडनी को नुकसान पहुंचा सकती है। डॉक्टरों ने बताया है कि ब्लड शुगर की नियमित जांच और कमर के आकार पर नजर रखना क्यों जरूरी है। जानिए पुरुषों और महिलाओं की सेहत पर शुगर का क्या असर पड़ता है और किन आदतों से बचना चाहिए।
शरीर में चुपचाप बढ़ रही डायबिटीज! लक्षण दिखने से पहले इन 2 चीजों पर दें ध्यान
सिर्फ मीठा खाने से नहीं बढ़ता खतरा! आपकी रोज की ये आदतें भी बन सकती हैं वजह

आजकल डायबिटीज यानी शुगर की बीमारी तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। चिंता की बात यह है कि कई बार शरीर में यह बीमारी लंबे समय तक मौजूद रहती है, लेकिन व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगती। जब तक ज्यादा प्यास लगना या थकान जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तब तक ब्लड शुगर शरीर को नुकसान पहुंचाना शुरू कर सकती है। ऐसे में डॉक्टरों की सलाह है कि बीमारी के लक्षणों का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए। इसके साथ ही कमर के बढ़ते आकार पर भी ध्यान देना जरूरी है।

बिना लक्षण के भी हो सकती है डायबिटीज

टाइप-2 डायबिटीज की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि शुरुआती समय में इसके लक्षण साफ नजर नहीं आते। व्यक्ति सामान्य दिनचर्या में लगा रहता है और उसे पता भी नहीं चलता कि उसका ब्लड शुगर बढ़ रहा है। लंबे समय तक शुगर का स्तर ज्यादा रहने से शरीर की नसों, खून की नलियों, किडनी और आंखों पर बुरा असर पड़ सकता है। हेल्थकेयर डॉक्टरों के मुताबिक, डायबिटीज की पहचान के लिए लक्षणों का इंतजार करना सही नहीं है। 30 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को हर साल फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c की जांच करानी चाहिए। वहीं, कम उम्र में भी अगर परिवार में डायबिटीज की हिस्ट्री है, कमर का आकार बढ़ रहा है या दिनभर बैठकर काम करना पड़ता है, तो नियमित जांच जरूरी है।

पुरुषों की सेहत पर भी पड़ सकता है असर

डायबिटीज का असर सिर्फ ब्लड शुगर तक सीमित नहीं रहता। लंबे समय तक शुगर बढ़ी रहने से शरीर की नसों और खून की नलियों को नुकसान पहुंच सकता है। इसका असर पुरुषों की यौन सेहत पर भी पड़ सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, डायबिटीज के कारण इरेक्टाइल डिसफंक्शन और टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। कई पुरुष इन समस्याओं के बारे में खुलकर बात नहीं करते, जिसके कारण जांच और इलाज में देरी हो जाती है।

महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर भी असर

डायबिटीज महिलाओं की सेहत और गर्भधारण से जुड़ी परेशानियों की वजह भी बन सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चा होने में परेशानी का सामना कर रहे कई कपल्स में ब्लड शुगर से जुड़ी समस्या सामने आती है। महिलाओं में शुगर का स्तर नियंत्रित न रहने से ओव्यूलेशन यानी अंडा बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा गर्भपात और गर्भावस्था के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज का खतरा भी बढ़ सकता है। डॉक्टर के मुताबिक, कम उम्र की महिलाओं में PCOS के मामले भी देखे जा रहे हैं। यह समस्या आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ा सकती है।

ये भी पढ़ें: देश में 15 लाख लोग बिना लक्षण वाली टीबी से संक्रमित, 25 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच में सामने आए मामले

इन आदतों से बढ़ सकता है डायबिटीज का खतरा

डॉक्टरों का कहना है कि डायबिटीज से बचाव के लिए केवल दवाओं पर निर्भर रहना काफी नहीं है। रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करना भी जरूरी है। अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड यानी पैकेट में मिलने वाले ज्यादा प्रोसेस्ड खाने का अधिक सेवन, घंटों बैठे रहना, मोबाइल और टीवी की स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताना और शारीरिक गतिविधियों की कमी इस बीमारी का खतरा बढ़ा सकती है। इसलिए जरूरी है कि खानपान और दिनचर्या का ध्यान रखें, नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां करें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ब्लड शुगर की जांच कराएं। याद रखें, डायबिटीज के लक्षण सामने आने का इंतजार करने से बेहतर है कि समय रहते इसकी पहचान कर ली जाए।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts