Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महंगी कार छोड़ प्रिंस विलियम ने चलाया ऑटो, पीछे बैठीं केट मिडलटन, चेहरे पर दिखी मुस्कान

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने मुंबई में महंगी कारों के बजाय खुद इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा चलाकर सबका ध्यान खींचा। पीछे की सीट पर केट मिडलटन बैठी नजर आईं। दोनों 'द अर्थशॉट प्राइज 2026' के कार्यक्रम में पहुंचे और पर्यावरण के लिए काम करने वाले 15 फाइनलिस्ट से मुलाकात की। जानिए शाही जोड़े के इस अनोखे अंदाज की पूरी कहानी।
महंगी कार छोड़ प्रिंस विलियम ने चलाया ऑटो, पीछे बैठीं केट मिडलटन, चेहरे पर दिखी मुस्कान
शाही ठाठ छोड़ ऑटो की सवारी, मुंबई में दिखा विलियम का अलग अंदाज

ब्रिटेन के शाही परिवार की तस्वीर सामने आते ही अक्सर महंगी कारें, शाही काफिला और शानदार सवारी याद आती है। लेकिन इस बार मुंबई में कुछ ऐसा हुआ, जिसने शाही ठाठ-बाट की तस्वीर ही बदल दी। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम महंगी गाड़ियों को छोड़ खुद ऑटो रिक्शा चलाते नजर आए। इतना ही नहीं, पीछे की सीट पर उनकी पत्नी प्रिंसेस केट मिडलटन भी बैठी थीं। दोनों का यह देसी अंदाज अब चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, प्रिंस विलियम और केट मिडलटन इन दिनों भारत दौरे पर हैं। मंगलवार को मुंबई में दौरे के दूसरे दिन दोनों 'द अर्थशॉट प्राइज 2026' से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान वे हरे रंग के इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा में नजर आए। ऑटो पर 'द अर्थशॉट प्राइज' का लोगो भी लगा हुआ था। खास बात यह रही कि ऑटो की ड्राइविंग सीट पर खुद प्रिंस विलियम बैठे थे, जबकि केट मिडलटन पीछे बैठकर सफर का आनंद ले रही थीं।

पहले पत्नी के लिए खोला ऑटो का दरवाजा

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में प्रिंस विलियम ऑटो चलाकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने पहले खुद ऑटो से उतरकर केट मिडलटन के लिए दरवाजा खोला। इसके बाद केट मुस्कुराते हुए बाहर आईं। फिर दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और साथ-साथ कार्यक्रम में एंट्री की। शाही जोड़े का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। आमतौर पर महंगी कारों और शाही काफिले में नजर आने वाले विलियम का ऑटो चलाना लोगों के लिए बिल्कुल अलग अनुभव रहा।

क्या है 'द अर्थशॉट प्राइज'?

प्रिंस विलियम ने साल 2020 में 'द अर्थशॉट प्राइज' की शुरुआत की थी। इसका मकसद पर्यावरण को बचाने के लिए नए और असरदार तरीके खोजने वाले लोगों और संस्थाओं को आगे बढ़ाना है। इस पहल के तहत प्रदूषण कम करने, जलवायु परिवर्तन से निपटने, पेड़-पौधों और जानवरों की रक्षा करने जैसे कामों को बढ़ावा दिया जाता है। ऐसे में प्रिंस विलियम का इलेक्ट्रिक ऑटो से कार्यक्रम में पहुंचना भी खास संदेश देता है। यह सफर पर्यावरण के अनुकूल वाहनों को अपनाने और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने की सोच से जुड़ा नजर आया।

Image

केट के पीले सूट ने खींचा ध्यान

ऑटो की सवारी के साथ शाही जोड़े के कपड़े भी चर्चा में रहे। प्रिंस विलियम लाइट ब्लू और सफेद धारियों वाले फॉर्मल ब्लेजर में नजर आए। इसके साथ उन्होंने सफेद शर्ट और डार्क रंग की पैंट पहनी थी। उनका पूरा लुक काफी सादा और क्लासी था। वहीं, प्रिंसेस केट मिडलटन लेमन-येलो पैंट-सूट में दिखाई दीं। खुले बाल, हल्का मेकअप और कम एक्सेसरीज के साथ उनका अंदाज काफी एलिगेंट लग रहा था। दोनों ने अपने लुक को सादगी के साथ खास बनाया।

Image

अर्थशॉट प्राइज के 15 फाइनलिस्ट से मिले शाही जोड़े

भारत दौरे के दौरान प्रिंस विलियम और केट मिडलटन मुंबई में पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। 17 नवंबर को दोनों ने बांद्रा-वर्ली सी लिंक प्रोमेनेड पर 'द अर्थशॉट प्राइज 2026' के 15 फाइनलिस्ट से मुलाकात की। ये सभी फाइनलिस्ट पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं को दूर करने और प्रकृति को बचाने के लिए अलग-अलग स्तर पर काम कर रहे हैं। शाही जोड़े ने उनके प्रयासों के बारे में जानकारी ली। इस तरह मुंबई में ऑटो की सवारी से लेकर पर्यावरण के लिए काम करने वाले लोगों से मुलाकात तक, विलियम और केट का दौरा कई वजहों से चर्चा में रहा।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts