Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बाड़ी की बदलेगी तस्वीर! 1.58 करोड़ से बनेगा स्टोन डिवाइडर, लगेंगी डिजाइनर लाइटें

मध्य प्रदेश के बाड़ी शहर में पुलिस थाने से तहसील तक 1.58 करोड़ रुपये की लागत से स्टोन डिवाइडर बनाया जाएगा। शाहगंज की तर्ज पर तैयार होने वाले इस मार्ग पर रेड सैंड स्टोन, रिटेनिंग वॉल, लॉन प्लांटर और डिजाइनर लाइट पोल लगाए जाएंगे। नगर परिषद का कहना है कि निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और सड़क को नया रूप मिलेगा।
बाड़ी की बदलेगी तस्वीर! 1.58 करोड़ से बनेगा स्टोन डिवाइडर, लगेंगी डिजाइनर लाइटें
अब रात में भी चमकेगी बाड़ी की सड़क, डिवाइडर के साथ लगेंगे आकर्षक लाइट पोल

मध्य प्रदेश के रायसेन के बाड़ी शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर परिषद ने नई परियोजना तैयार की है, इसके तहत शहर के मुख्य मार्ग को नया रूप दिया जाएगा। पुलिस थाने से तहसील तक करीब 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से स्टोन डिवाइडर बनाया जाएगा। इस मार्ग को शाहगंज की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसमें डिवाइडर के साथ रिटेनिंग वॉल, सीसी रोड और आकर्षक डिजाइनर लाइट पोल भी लगाए जाएंगे। नगर परिषद का मानना है कि इस काम के पूरा होने से शहर के मुख्य मार्ग की सुंदरता बढ़ेगी, साथ ही सड़क पर रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी। इस परियोजना को मुख्यमंत्री मॉनिटरिंग में भी शामिल किया गया है।

स्टोन डिवाइडर पर खर्च होंगे 1.11 करोड़ रुपये

परियोजना के एस्टीमेट के मुताबिक, स्टोन डिवाइडर बनाने में 1 करोड़ 11 लाख 41 हजार 280 रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, सड़क पर सजावटी डिजाइनर लाइट पोल लगाने के लिए 22 लाख 52 हजार 392 रुपये का बजट रखा गया है। इन दोनों कामों की कुल लागत 1 करोड़ 33 लाख 93 हजार 672 रुपये है. इसमें 18 प्रतिशत जीएसटी के 24 लाख 10 हजार 861 रुपये जोड़ने के बाद परियोजना का कुल बजट 1 करोड़ 58 लाख 4 हजार 533 रुपये हो जाता है। नगर परिषद इस काम के जरिए मुख्य मार्ग को सुंदर बनाने के साथ उसकी व्यवस्था सुधारने पर भी ध्यान दे रही है।

रेड सैंड स्टोन से तैयार होगा आकर्षक डिवाइडर

इस परियोजना की खास बात यह है कि डिवाइडर के निर्माण में रेड सैंड स्टोन यानी लाल बलुआ पत्थर का इस्तेमाल किया जाएगा। तकनीकी एस्टीमेट में करीब 1200.96 वर्गमीटर क्षेत्र में 40 एमएम रेड सैंड स्टोन जाली लगाने का काम शामिल है. इस पर लगभग 60 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा 70 एमएम रेड सैंड स्टोन से वॉल लाइनिंग की जाएगी। डिवाइडर में 58 लॉन प्लांटर भी बनाए जाएंगे। बीम के किनारों और ऊपरी हिस्से पर भी पत्थर लगाया जाएगा। इससे डिवाइडर को आकर्षक डिजाइन दिया जाएगा।

मजबूती के लिए RCC और सरिये का होगा इस्तेमाल

डिवाइडर को मजबूत बनाने के लिए निर्माण में आरसीसी बीम और सरिये का इस्तेमाल किया जाएगा. एस्टीमेट के अनुसार, इसके लिए 56.15 घन मीटर एम-20 ग्रेड आरसीसी बीम और 2807.3 किलोग्राम एफई-500 डी टीएमटी सरिये का उपयोग प्रस्तावित है। वहीं, सड़क के दोनों ओर और डिवाइडर के आसपास लगाए जाने वाले डिजाइनर इलेक्ट्रिक पोल रात के समय पूरे मार्ग को रोशन करेंगे. इससे शहर के मुख्य रास्ते को नया लुक मिलने की उम्मीद है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा: नगर परिषद अध्यक्ष

नगर परिषद अध्यक्ष ममता धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। मुख्य मार्ग पर बनने वाला स्टोन डिवाइडर बाड़ी को आकर्षक पहचान देगा। उनका कहना है कि नगर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और बेहतर व्यवस्था बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। वहीं, निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी ज्योतिष शिवहरे ने बताया कि परियोजना में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि काम तय मानकों के अनुसार कराया जाएगा और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्य मार्ग को मिलेगी नई पहचान

नगर परिषद का कहना है कि शहर में नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पुलिस थाने से तहसील तक बनने वाला यह डिवाइडर भी इसी योजना का हिस्सा है। परियोजना पूरी होने के बाद बाड़ी के मुख्य मार्ग की सुंदरता और रात में रोशनी की व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।

Buddhi Sharma
By Buddhi Sharma

Latest Posts