OpenAI पर कैलिफोर्निया में मुकदमा; हगिंग फेस को हैक करने के मामले में जनता की सुरक्षा खतरे में डालने का आरोप

वॉशिंगटन। कैलिफोर्निया ने अर्टिफीशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया है। इसमें कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि उसने जानबूझकर अपनी प्रायोगिक तकनीक को विकसित और टेस्ट किया, जबकि इसमें जनता की सुरक्षा के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय और निगरानी की कमी थी। 31 पन्नों की इस फाइलिंग में जुलाई 2026 की एक घटना का जिक्र जिसमें OpenAI के मॉडलों के एक्सपेरिमेंटल एडिशन ने पब्लिक इंटरनेट का एक्सेस लिया और AI प्लेटफॉर्म हगिंग फेस पर साइबर हमला कर दिया। यह हमला ऐसी 80 ज्ञात घटनाओं में से एक है।
एक प्लेटफॉर्म को हैक कर लिया था
कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि इसने लोगों को खतरे में डाला। इसके सिस्टम अनियंत्रित हो गए और उन्होंने हगिंग फेस (Hugging Face) नामक एक प्लेटफॉर्म को हैक कर लिया। कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा की ओर से सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट में दायर इस मुकदमे में आरोप है कि OpenAI ने जानबूझकर अपनी प्रायोगिक तकनीक को विकसित और टेस्ट किया और लोगों को खतरे में डाल दिया। इस तकनीक में जरूरी सुरक्षा उपाय और निगरानी की कमी थी।
सुरक्षा के बजाए तेजी से मॉडल तैयार करने पर जोर
बोंटा बोले कि कैलिफोर्निया में हम इनोवेशन को महत्व देते हैं, लेकिन हम ऐसा इनोवेशन चाहते हैं जो कानून का पालन करे। चाहे वह कोई भी प्रोडक्ट हो या कंपनी। उन्होंने कहा- हगिंग फेस पर हमला OpenAI की आंतरिक कार्य-संस्कृति (इंटरनल वर्क कल्चर) का स्वाभाविक नतीजा था। कंपनी सुरक्षा और जवाबदेही के बजाय विकास और तेजी से मॉडल तैयार करने को प्राथमिकता देती है।
निशाना बनाया जा रहा है कंपनी को
कैलिफोर्निया में दायर यह मुकदमा इस टेक कंपनी के सामने आई कानूनी मुश्किलों में सबसे नया है। पुसाटेरी ने कहा कि ऐसा लगता है कि इस मुकदमे में OpenAI को ही निशाना बनाया जा रहा है, जबकि यह एक ऐसी चुनौती है जिसे AI की हर बड़ी लैब ने पहचाना है। इससे पहले ब्रिटिश कोलंबिया ने भी OpenAI के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। यह मामला पश्चिमी कनाडा के इसी प्रांत में हुई स्कूल गोलीबारी की घटना से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने यह जानकारी छुपाई थी कि शूटर ने ChatGPT सर्विस का इस्तेमाल करके हिंसक गतिविधियों को अंजाम दिया।
यह आरोप लगाए गए कंपनी पर
- मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि OpenAI राज्य के कानूनों का उल्लंघन कर रहा है।
- इसमें सुरक्षा प्रक्रियाओं में कमी, सार्वजनिक सुरक्षा की अनदेखी, बिना किसी निगरानी के प्रोडक्ट की टेस्टिंग की गई।
- उपभोक्ताओं तथा आम जनता को गुमराह करने वाले बयान दिया गया।
- OpenAI के प्रवक्ता ड्रू पुसाटेरी ने कहा था कि कंपनी ने मॉडल की गलत गतिविधियों को समझने और उन्हें ठीक करने के लिए व्यापक और पारदर्शी प्रयास किए हैं।




















