सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए संजय राउत, जज बोले- माफी दिल से आनी चाहिए

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष प्रदीप राय ने राउत के व्यवहार को लगातार अवमानना करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि माफीनामा देने के बावजूद राउत का आचरण नहीं बदला है। मामले की सुनवाई के दौरान संजय राउत खुद अदालत में पेश हुए, जबकि निखिल वागले ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। दोनों की ओर से माफी और हलफनामे का हवाला दिया गया। हालांकि, SCBA की ओर से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
'संजय राउत आप वरिष्ठ नेता हैं, अपने आचरण पर क्या कहेंगे?'
सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने संजय राउत से कहा कि माफी दिल से आनी चाहिए। उन्होंने राउत से कहा कि आप वरिष्ठ नेता हैं और करीब 25 साल से राजनीति में हैं। हम आपको लंबे समय से राजनीतिक बहस में सुनते आ रहे हैं। ऐसे में आपको अपने आचरण पर क्या कहना है?
ये भी पढ़ें: संजय राउत की नई किताब में विजय माल्या की तारीफ, बोले- वह कभी फ्रॉड नहीं थे ; PM मोदी के भाषण को भी सराहा
राउत के वकील बोले- एक और हलफनामा दाखिल करेंगे
जस्टिस की टिप्पणी के बाद संजय राउत के वकील ने अदालत को बताया कि उनकी ओर से एक और हलफनामा दाखिल किया जाएगा। खास बात यह रही कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संजय राउत खुद सुनवाई में शामिल हुए। अदालत ने उनसे पूछा कि क्या वे पहले भी सुप्रीम कोर्ट आ चुके हैं। इस पर राउत ने जवाब दिया कि जी, मैं यहां आ चुका हूं।
निखिल वागले ने पोस्ट हटाकर सार्वजनिक रूप से मांगी माफी
निखिल वागले की ओर से पेश हुईं वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने बताया कि उनके मुवक्किल ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई में शामिल हुए हैं। उन्होंने विवादित पोस्ट हटा दी थी और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। इसके साथ ही अदालत से बिना शर्त माफी मांगते हुए हलफनामा दाखिल किया गया है। वकील ने निखिल वागले को मामले से डिस्चार्ज करने की मांग की।
माफीनामे के बाद भी राउत का आचरण नहीं बदला-SCBA अध्यक्ष
SCBA अध्यक्ष प्रदीप राय ने अदालत में कहा कि संजय राउत ने माफीनामा तो दिया है, लेकिन उनका व्यवहार लगातार अवमानना करने वाला रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले से जुड़ा एक केस हाई कोर्ट में भी लंबित है। राय ने राउत की उस सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया, जिसमें अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट को जलाए जाने की तस्वीर साझा की गई थी।
19 अक्टूबर की पोस्ट का माफीनामे में जिक्र नहीं
प्रदीप राय ने अदालत को बताया कि 16 अक्टूबर को नोटिस जारी किया गया था और संजय राउत ने 26 अक्टूबर को माफीनामा दाखिल किया। हालांकि, इस माफीनामे में 19 अक्टूबर की उस पोस्ट का कोई जिक्र नहीं था, जिसमें अल्बानिया को लेकर टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि राउत लगातार अवमानना करते आ रहे हैं और ऐसे मामलों को अदालत को गंभीरता से लेते हुए सख्ती से देखना चाहिए।
राउत को अगली सुनवाई में पेशी से छूट देने की मांग
सुनवाई के दौरान वकीलों ने अगली तारीख पर संजय राउत को व्यक्तिगत रूप से पेश होने से छूट देने का अनुरोध किया। इस पर जज ने कहा कि इन्हें सुप्रीम कोर्ट देखने दीजिए। वहीं, SCBA के उपाध्यक्ष राहुल कौशिक ने निखिल वागले की X पर की गई अपशब्दों वाली पोस्ट का जिक्र करते हुए उन्हें भी व्यक्तिगत रूप से अदालत में बुलाने की मांग की।




















