पेट दर्द को समझ रहे हैं एसिडिटी? हो सकता है पैंक्रियाटिक कैंसर का संकेत! इन लक्षणों को भूलकर भी न करें इग्नोर

क्या आपको भी अक्सर पेट में दर्द, गैस या अपच की शिकायत रहती है? क्या आप इसे मामूली एसिडिटी समझकर दवा खा लेते हैं? अगर हां, तो अपनी सेहत को लेकर थोड़ा सतर्क हो जाइए। हर बार पेट दर्द की वजह गंभीर बीमारी नहीं होती, लेकिन लगातार बने रहने वाली परेशानी को नजरअंदाज करना भी ठीक नहीं है। पैंक्रियाटिक कैंसर यानी अग्नाशय का कैंसर अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहा। 30 से 40 साल की उम्र के लोगों में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, इस बीमारी की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि शुरुआत में इसके लक्षण साफ दिखाई नहीं देते। जब तक मरीज को बीमारी का पता चलता है, तब तक ट्यूमर काफी बढ़ चुका होता है और उसका ऑपरेशन करना मुश्किल हो सकता है।
युवाओं में भी बढ़ रहे कैंसर के मामले
आकाश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के निदेशक डॉ. अरुण कुमार गिरी के अनुसार, पैंक्रियाटिक कैंसर के शुरुआती संकेत बहुत हल्के होते हैं। यही वजह है कि लोग इन्हें सामान्य पेट की समस्या समझकर टाल देते हैं। भारत में हर साल इस कैंसर के करीब 10 हजार से 14 हजार नए मामले सामने आते हैं। इसके मामले दूसरे कैंसरों की तुलना में कम हैं, लेकिन इससे होने वाली मौतों का आंकड़ा चिंता बढ़ाता है। इसकी एक बड़ी वजह बीमारी का देर से पता चलना है। आंकड़ों के मुताबिक, केवल 15 से 20 प्रतिशत मरीजों में ही ट्यूमर ऐसी स्थिति में होता है, जिसे ऑपरेशन के जरिए निकाला जा सकता है। पिछले दो दशकों में दुनियाभर में 50 साल से कम उम्र के लोगों में भी इस कैंसर के मामले बढ़े हैं। भारत के बड़े कैंसर अस्पतालों में भी 30 साल के आखिरी पड़ाव और 40 की उम्र के मरीज देखे जा रहे हैं।
आखिर क्यों खतरनाक है यह बीमारी?
पैंक्रियाज यानी अग्नाशय हमारे पेट के अंदर पीछे की तरफ गहराई में मौजूद होता है। इसका काम पाचन में मदद करना और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने वाले हार्मोन बनाना है। चूंकि यह अंग पेट के अंदर काफी गहराई में होता है, इसलिए यहां बनने वाला ट्यूमर शुरुआत में आसानी से पकड़ में नहीं आता। कई बार मरीज को लंबे समय तक कोई खास परेशानी महसूस नहीं होती। जब लक्षण सामने आते हैं, तब तक बीमारी बढ़ चुकी होती है।
ये भी पढ़ें: दिवाली पर खूब खाई मिठाई और पकवान? पेट की गैस और भारीपन दूर करने के लिए अपनाएं ये 5 आसान तरीके!
पेट दर्द और अपच को न समझें मामूली
पैंक्रियाटिक कैंसर के शुरुआती लक्षण आम पेट की परेशानियों जैसे हो सकते हैं। इनमें शामिल हैं:
- पेट के ऊपरी हिस्से में हल्का दर्द।
- पीठ में लगातार दर्द या परेशानी।
- बार-बार पेट फूलना और अपच होना।
- बिना ज्यादा काम किए थकान महसूस होना।
- भूख कम लगना।
अक्सर युवा इन समस्याओं को गैस, एसिडिटी या तनाव समझ लेते हैं। वे दवाइयों और घरेलू उपायों से काम चलाते रहते हैं। लेकिन अगर ये परेशानियां लगातार बनी रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
शरीर के इन संकेतों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज
डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ लक्षण ऐसे हैं जिन्हें गंभीरता से लेना चाहिए। खासकर अगर ये अचानक दिखाई दें या लगातार बने रहें।
- आंखों और त्वचा का पीला पड़ना।
- पेशाब का रंग गहरा होना।
- मल का रंग हल्का होना।
- शरीर में खुजली होना।
- बिना किसी वजह के वजन कम होना।
- पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, जो पीठ तक पहुंचे।
- 50 साल की उम्र के बाद अचानक डायबिटीज होना।
- पहले से मौजूद डायबिटीज का अचानक नियंत्रण से बाहर होना।
ध्यान रखें, इन लक्षणों का मतलब यह नहीं है कि आपको कैंसर है। दूसरी बीमारियों में भी ऐसे संकेत दिखाई दे सकते हैं। लेकिन लगातार परेशानी होने पर जांच कराना जरूरी है।
किन लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत?
कुछ लोगों में पैंक्रियाटिक कैंसर का खतरा दूसरे लोगों की तुलना में ज्यादा हो सकता है। इनमें शामिल हैं:
- लंबे समय से क्रोनिक पैंक्रियाटाइटिस से परेशान लोग।
- ट्रॉपिकल कैल्सिफिक पैंक्रियाटाइटिस के मरीज।
- परिवार में पैंक्रियाटिक कैंसर का इतिहास रखने वाले लोग।
- स्मोकिंग और गुटखा-तंबाकू का इस्तेमाल करने वाले।
- ज्यादा शराब पीने वाले लोग।
इसके अलावा मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी भी इस बीमारी से जुड़े संभावित जोखिम कारकों में शामिल हैं।
पैंक्रियाटिक कैंसर से बचाव के लिए क्या करें?
डॉक्टरों के मुताबिक, इस कैंसर को पूरी तरह रोकने का कोई पक्का तरीका नहीं है, लेकिन कुछ अच्छी आदतें अपनाकर जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए तंबाकू और गुटखे से दूरी बनाएं, शराब से बचें, वजन को नियंत्रित रखें और रोजाना शारीरिक गतिविधियां करें। पेट या पीठ में लगातार दर्द, अचानक वजन कम होने और डायबिटीज में बदलाव जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करें। डॉक्टर का कहना है कि इस बीमारी को लेकर जागरूकता सिर्फ बुजुर्गों और धूम्रपान करने वालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। युवाओं को भी इसके लक्षणों और जोखिमों की जानकारी होना जरूरी है। सही समय पर जांच और इलाज से बीमारी को संभालने के बेहतर मौके मिल सकते हैं।




















