विदिशा में राज्य स्तरीय खेलों का रोमांच, मलखंभ में उज्जैन का दबदबा! नेशनल चैंपियनशिप के लिए चुने गए खिलाड़ी
विदिशा। जिला खेल परिसर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय मलखंभ एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। मैदान पर बालक और बालिका वर्ग की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। मलखंभ स्पर्धा में उज्जैन संभाग ने कई वर्गों में पहला स्थान हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति दिखाई, जबकि अंडर-17 बालक टीम वर्ग में भोपाल संभाग विजेता बना। प्रतियोगिता के दौरान विधायक मुकेश टंडन ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और भोजन व्यवस्था का जायजा भी लिया। मलखंभ में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों का चयन स्कूल नेशनल चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
मलखंभ में उज्जैन संभाग का शानदार प्रदर्शन
मलखंभ की अंडर-14 बालिका टीम स्पर्धा में उज्जैन संभाग ने 25 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। इंदौर दूसरे और सागर तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत मुकाबले में उज्जैन की तमन्ना यादव ने 8.40 अंक के साथ पहला, वीरा राठौर ने 8.35 अंक के साथ दूसरा और भव्य मालवीय ने 8.25 अंक के साथ तीसरा स्थान पाया। इस वर्ग से इन तीनों खिलाड़ियों के साथ इंदौर की सुहानी खामरोला का भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
बालक वर्ग में भी उज्जैन ने मारी बाजी
अंडर-14 बालक टीम वर्ग में उज्जैन संभाग 23.70 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा। सागर दूसरे और भोपाल तीसरे स्थान पर रहे। व्यक्तिगत स्पर्धा में उज्जैन के हनी बीकुंदिया ने 8.15 अंक, मनन आरौणिया ने 7.85 अंक और मोक्ष मोथा ने 7.70 अंक हासिल कर क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाया। तीनों खिलाड़ियों को स्कूल नेशनल मलखंभ चैंपियनशिप के लिए चुना गया है।
अंडर-17 में उज्जैन और भोपाल का दबदबा
अंडर-17 बालिका टीम स्पर्धा में उज्जैन संभाग ने 24.70 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। सागर दूसरे और इंदौर तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत वर्ग में माही राठौर, दिव्यांशी डोंगरे और इशिका सोलंकी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाया। इनके साथ राधिका जैन का भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वहीं, अंडर-17 बालक टीम स्पर्धा में भोपाल संभाग 24.35 अंक के साथ विजेता बना। उज्जैन दूसरे और नर्मदापुरम तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत वर्ग में भोपाल के युवराज राव गाडगे और अर्णव शर्मा ने पहला और दूसरा स्थान पाया, जबकि उज्जैन के रत्नेश माविया तीसरे स्थान पर रहे। इन वर्गों से चुने गए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।
वॉलीबॉल में टीमों के बीच कड़ी टक्कर
वॉलीबॉल के बालिका वर्ग में जनजातीय कार्य विभाग ने शहडोल को 2-0 से हराया। नर्मदापुरम ने ग्वालियर और भोपाल को भी 2-0 से मात दी। रीवा, इंदौर और जबलपुर की टीमों ने भी अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। कुछ मैचों में ग्वालियर और उज्जैन ने 2-1 से जीत हासिल की। बालक वर्ग में जनजातीय कार्य विभाग ने ग्वालियर को 2-1 से हराया। भोपाल ने सागर को 2-1 से मात दी, जबकि जबलपुर और इंदौर ने भी जीत दर्ज की। सुबह के मुकाबलों में उज्जैन, जनजातीय कार्य विभाग और जबलपुर की टीमों ने कड़ा संघर्ष करते हुए सफलता हासिल की।
सीहोर में नशेड़ी ड्राइवर का तांडव: पुलिस से झूमाझटकी, नेमप्लेट नोंची, फर्जी नाम बताकर धराया!
विधायक ने खिलाड़ियों से की बातचीत
प्रतियोगिता के दौरान विधायक मुकेश टंडन ने खेल परिसर पहुंचकर खिलाड़ियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भोजनशाला में जाकर खिलाड़ियों को दिए जा रहे भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र अहिरवार, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रशांत रघुवंशी, खेल अधिकारी, रेफरी, समाजसेवी और अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर के लिए हुए चयन से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
EDIT BY: ADITI RAWAT






















