दिल्ली में आज ट्रैफिक अलर्ट! 19 शादियों के चलते इन सड़कों पर लग सकता है लंबा जाम

नई दिल्ली। अगर आप सोमवार को दिल्ली की सड़कों पर निकलने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का हाल जरूर जान लें। राजधानी में शादी के सीजन के बीच ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए खास अलर्ट जारी किया है। दक्षिण दिल्ली में एक साथ 19 से ज्यादा शादी समारोह होने वाले हैं। ऐसे में सड़कों पर 7 हजार से ज्यादा मेहमानों और करीब 3,500 अतिरिक्त गाड़ियों के पहुंचने का अनुमान है। इसके चलते कई बड़े रास्तों पर जाम लग सकता है। पुलिस ने लोगों को कुछ सड़कों से बचने और मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है।
दक्षिण दिल्ली में 19 से ज्यादा शादियां
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सोमवार को दक्षिण दिल्ली में 19 से ज्यादा शादी समारोह होने हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल होंगे। अनुमान है कि 7 हजार से ज्यादा लोग इन समारोहों में पहुंचेंगे। वहीं, मेहमानों के आने-जाने के कारण करीब 3,500 अतिरिक्त गाड़ियां सड़कों पर दिखाई दे सकती हैं। शादी समारोहों के चलते एसएसएन मार्ग (भाटी माइंस रोड), बंध रोड, मंडी रोड और एमजी रोड पर गाड़ियों की आवाजाही बढ़ने की आशंका है। इन रास्तों पर दिनभर ट्रैफिक का दबाव रह सकता है।
इन रास्तों पर जाने से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने कई ऐसे रास्तों की जानकारी दी है, जहां लोगों को जाम का सामना करना पड़ सकता है। इनमें एसएसएन मार्ग (भाटी माइंस रोड), 100 फुटा रोड, अनुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जोनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर जरूरी न हो तो इन रास्तों पर जाने से बचें। इन सड़कों से गुजरने वाले लोगों को अपने सफर में ज्यादा समय लग सकता है। इसलिए घर से निकलने से पहले रास्ते की जानकारी लेना बेहतर रहेगा।
ट्रैफिक संभालने के लिए पुलिस ने की तैयारी
शादी समारोहों के कारण सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जरूरी इंतजाम किए हैं। अलग-अलग जगहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि गाड़ियों की आवाजाही को सही तरीके से चलाया जा सके। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि ज्यादा गाड़ियों के आने से कुछ जगहों पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को पुलिसकर्मियों की बात मानने और सड़क पर लगे संकेतों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
हैदराबाद में 26/11 जैसे आतंकी हमले की धमकी, 300 लोगों को मारने की चेतावनी; पुलिस हाई अलर्ट पर
पार्किंग को लेकर भी निर्देश
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जहां तक संभव हो, निजी गाड़ियों के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें। इससे न केवल जाम से बचने में मदद मिलेगी, बल्कि समय और ईंधन की भी बचत होगी। शादी समारोहों में शामिल होने वाले मेहमानों को भी खास हिदायत दी गई है। पुलिस ने कहा है कि गाड़ियां केवल तय पार्किंग वाली जगहों पर ही खड़ी करें। सड़क किनारे गलत तरीके से पार्किंग करने से दूसरे लोगों को परेशानी हो सकती है और जाम भी बढ़ सकता है।




















