Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एशिया पावर इंडेक्स में तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत, रूस-जापान को पछाड़ा; PM मोदी भी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता

ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में भारत तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बना है। 40.5 पावर स्कोर के साथ भारत ने जापान और रूस को पीछे छोड़ दिया है। वहीं अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है।
एशिया पावर इंडेक्स में तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत, रूस-जापान को पछाड़ा; PM मोदी भी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता
भारत तीसरे स्थान पर 40.5 स्कोर के साथ है। मोदी क्षेत्रीय नेतृत्व में दूसरे स्थान पर हैं।

दुनिया में भारत की ताकत और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। अब ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की ग्लोबल रैंकिंग में भी इसकी झलक दिखाई दी है। एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया है। भारत ने जापान और रूस जैसे देशों को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे शक्तिशाली देशों में अपनी जगह मजबूत की है। इस इंडेक्स में भारत का पावर स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया है। वहीं, अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट की एक और खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है।

कौन सा देश किस नंबर पर?

लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स में 27 देशों और क्षेत्रों की ताकत का आकलन किया गया है। इसमें आर्थिक क्षमता, सैन्य शक्ति, कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा संबंध, सांस्कृतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधनों जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। 2026 की रैंकिंग में भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि भारत का स्कोर पिछले साल के मुकाबले 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है।

/img/99/1795418629343

Asia Power Index 2026 list

भारत की ताकत बढ़ने के पीछे क्या हैं बड़ी वजहें?

लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत ने एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाया है। खासकर रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक प्रभाव और आर्थिक संबंधों में सुधार ने भारत की स्थिति मजबूत करने में भूमिका निभाई है। भारत की ताकत को समझने के लिए रिपोर्ट में कई अहम पहलुओं का विश्लेषण किया गया है।

  • सैन्य क्षमता: भारत की रक्षा क्षमता और सैन्य संसाधन क्षेत्रीय प्रभाव का महत्वपूर्ण आधार हैं।
  • रक्षा सहयोग: दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा संबंध मजबूत हुए हैं। ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री ने भी रक्षा नेटवर्क को मजबूती दी है।
  • कूटनीतिक प्रभाव: एशियाई देशों के साथ भारत के राजनयिक संबंधों ने क्षेत्रीय भूमिका को मजबूत किया है।
  • सांस्कृतिक प्रभाव: भारतीय संस्कृति, लोगों के बीच संपर्क और सूचना के प्रवाह का प्रभाव बढ़ा है।
  • भविष्य के संसाधन: भारत की जनसंख्या और आर्थिक विकास की संभावनाएं भविष्य की ताकत के रूप में देखी गई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत का फ्यूचर रिसोर्सेज स्कोर 56.2 रहा, जबकि कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत का स्कोर 70.3 अंक दर्ज किया गया। 

PM मोदी बने एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता

एशिया पावर इंडेक्स 2026 की सबसे चर्चित बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैंकिंग भी है। रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना है। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में मोदी की स्थिति में तीन स्थानों का सुधार हुआ है। भारत की कूटनीतिक भूमिका और क्षेत्रीय संबंधों में निरंतरता को इसके महत्वपूर्ण कारणों में शामिल किया गया है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की छवि के आकलन में कुछ गिरावट आई है। इसका एक कारण खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के दौरान भारत की सीमित कूटनीतिक सक्रियता को बताया गया है।

अमेरिका और चीन के बीच घटा ताकत का अंतर

एशिया पावर इंडेक्स 2026 में अमेरिका और चीन के बीच मुकाबला भी चर्चा का बड़ा विषय है। अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। दोनों देशों के बीच अब केवल 5.3 अंकों का अंतर रह गया है। लोवी इंस्टीट्यूट के मुताबिक, 2018 में एशिया पावर इंडेक्स शुरू होने के बाद से दोनों देशों के बीच कुल ताकत का अंतर सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका के क्षेत्रीय कूटनीतिक प्रभाव में गिरावट और चीन की लगातार मजबूत होती भूमिका ने इस अंतर को कम करने में योगदान दिया है। हालांकि, भारत अभी भी चीन से काफी पीछे है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की व्यापक शक्ति भारत से करीब 80% अधिक है। 

भारत जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था?

भारत की बढ़ती ताकत का एक बड़ा आधार उसकी अर्थव्यवस्था भी है। अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के आर्थिक अनुमानों में भारत की विकास दर को लेकर सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। भारत की तेज आर्थिक वृद्धि, बड़ा घरेलू बाजार, युवा आबादी और निवेश की संभावनाएं उसे वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान दिला रही हैं। कोरिया इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक पॉलिसी (KIEP) के साउथ एशिया प्रमुख क्यूंगहून किम के अनुमान के मुताबिक, भारत 2030 के आसपास दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts