Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान को सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 18 साल से जेल में था बंद

सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा निलंबित करते हुए उसे मेडिकल आधार पर जमानत दे दी है। इरफान दिल की गंभीर बीमारी से पीड़ित है और करीब 18 साल से जेल में बंद है।
गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान को सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 18 साल से जेल में था बंद
गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की बेंच ने इरफान की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए राहत दी। गुजरात सरकार ने भी उसकी मेडिकल स्थिति के आधार पर जमानत देने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। गोधरा ट्रेन अग्निकांड में साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगने से 58 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में विशेष SIT कोर्ट ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था।

दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहा दोषी

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की बेंच ने इरफान सिराज पाड़ा की याचिका पर सुनवाई करते हुए उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी। कोर्ट ने यह फैसला उसकी दिल से जुड़ी गंभीर बीमारी को देखते हुए लिया। राज्य सरकार ने भी उसकी मेडिकल स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

ये भी पढ़ें: कार्तिगई दीपम विवाद में तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को चुनौती दी, दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति पर रिव्यू

2011 में सुनाई गई थी उम्रकैद की सजा

इरफान सिराज पाड़ा उन 31 लोगों में शामिल है, जिन्हें साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बे जलाने के मामले में दोषी ठहराया गया था। विशेष SIT कोर्ट ने मार्च 2011 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद से वह जेल में बंद है और करीब 18 साल की सजा काट चुका है।

S-6 कोच में आग लगने से हुई थी 58 लोगों की मौत

27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगा दी गई थी। इस घटना में 58 लोगों की जान चली गई थी। ट्रेन में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक सवार थे। गोधरा की इस घटना के बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे।

31 दोषियों में 11 को मिली थी फांसी, 20 को उम्रकैद

गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में मार्च 2011 में ट्रायल कोर्ट ने 31 आरोपियों को दोषी करार दिया था। इनमें से 11 को मौत की सजा और बाकी 20 को उम्रकैद सुनाई गई थी, जबकि 63 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। साल 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया और बाकी 20 की सजा बरकरार रखी। दोषियों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर अपीलें 2018 से लंबित हैं।

Breaking News

पहले भी कई दोषियों को मिल चुकी है जमानत

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले भी अलग-अलग आधार पर कई दोषियों को राहत दे चुका है। 13 मई 2022 को कोर्ट ने दोषी अब्दुल रहमान धंतिया को 6 महीने की अंतरिम जमानत दी थी। उसकी पत्नी टर्मिनल कैंसर से पीड़ित थी और बेटियां मानसिक रूप से अक्षम थीं। 11 नवंबर 2022 को उसकी जमानत 31 मार्च 2023 तक बढ़ा दी गई थी।

फारूक समेत 9 अन्य दोषियों को भी मिली थी राहत

दिसंबर 2022 में फारूक नाम के दोषी को जमानत दी गई थी। कोर्ट ने ध्यान दिया था कि वह 17 साल से अधिक की सजा काट चुका है और घटना में उसकी भूमिका ट्रेन पर पत्थर फेंकने की थी। इसके बाद 21 अप्रैल 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने 8 अन्य दोषियों को भी जमानत दे दी थी। इनमें अब्दुल सत्तार इब्राहिम गद्दी असला, यूनुस अब्दुल हक्क समोल, मोहम्मद हनीफ अब्दुल्ला मौलवी बादाम, अब्दुल रऊफ अब्दुल माजिद ईसा उर्फ धेसली, इब्राहिम अब्दुलराजाक अब्दुल सत्तार समोल उर्फ भानो, अयूब अब्दुल गनी इस्माइल पटालिया, सोहेब यूसुफ अहमद कलंदर और सुलेमान अहमद हुसैन उर्फ टाइगर पीर मुसलमान शामिल हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts