Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अनूपपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान समेत 3 की मौत

अनूपपुर के छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में आर्मी जवान समेत तीन लोगों की मौत और एक युवक गंभीर घायल हुआ।
अनूपपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान समेत 3 की मौत
अनूपपुर में सुबह 4 बजे भीषण हादसा

मध्य प्रदेश के अनूपपुर में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल है। इनमें एक भाई भारतीय सेना में जवान था, जो दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।

दो सगे भाइयों और बोलेरो मालिक की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। दीनबंधु और विनीत सगे भाई थे, जबकि मोहम्मद करीम बोलेरो का मालिक था और धनगवां का रहने वाला था। वहीं, हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया।

दोस्त की शादी में शामिल होने घर लौट रहा था आर्मी जवान

मृतक विनीत विश्वकर्मा भारतीय सेना में जवान था। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। शादी छत्तीसगढ़ के रायपुर में होनी थी। विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह घर लौट रहा था। उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी थे। छूलहा गांव के पास हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पिता के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे परिवार को हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। जयकरण विश्वकर्मा लोहारी का काम करते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन था।

बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था बोलेरो मालिक

तीसरे मृतक मोहम्मद करीम के परिवार का मूल निवास बिहार के मुजफ्फरपुर में है। उसके पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए हैं। करीम की जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान थी। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। करीम की शादी नहीं हुई थी।

Anuppur

ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था: पुलिस

अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था। हादसे के बाद तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस मामले में FIR दर्ज करेगी।

नेशनल हाईवे पर ट्रक पार्किंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश

नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों की पार्किंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 13 अप्रैल को कई अंतरिम निर्देश जारी किए थे। इनमें कहा गया था कि भारी और व्यावसायिक वाहनों को नेशनल हाईवे के कैरिजवे या पक्के किनारे पर पार्क नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग, ले-बाय या सड़क किनारे यात्रियों की सुविधा के लिए बनाई गई जगहों पर ही रोका जा सकता है। कोर्ट ने नेशनल हाईवे के राइट ऑफ वे में नए ढाबे, खाने-पीने की जगहों और अन्य व्यावसायिक ढांचों के निर्माण व संचालन पर भी रोक लगाई थी। इसके साथ ही सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तथा NHAI को सड़क हादसों वाले ब्लैक स्पॉट और गंभीर जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करने और उनकी सूची जारी करने के निर्देश दिए थे।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्देशों में कहा था कि देश की कुल सड़क लंबाई में नेशनल हाईवे की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत है, लेकिन सड़क हादसों में होने वाली कुल मौतों में इनकी हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत है। कोर्ट ने यह भी कहा था कि तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे समेत सड़कें प्रशासनिक लापरवाही या बुनियादी ढांचे की कमियों के कारण जानलेवा नहीं बननी चाहिए।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts