Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर से अमेरिका जाएगा मासूम , बदलेगी किस्मत! मिलेगा मां-बाप और भाई-बहन का प्यार

धार में जन्मे और इंदौर में पले एक साल के मासूम की जिंदगी अब नई करवट लेने जा रही है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे इस बच्चे को जन्म देने वाले माता-पिता अस्पताल में छोड़ गए थे। जुड़वां भाई की मौत के बाद भी उसने जिंदगी की जंग जारी रखी। अब अमेरिका का एक दंपति उसे गोद लेकर अपने परिवार में शामिल करेगा। एक साल की कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे माता-पिता और भाई-बहन का प्यार मिलेगा।
इंदौर से अमेरिका जाएगा मासूम , बदलेगी किस्मत! मिलेगा मां-बाप और भाई-बहन का प्यार
AI GENERATED

इंदौर। जिंदगी की शुरुआत ही दर्द और संघर्ष के बीच हुई। जिस मासूम को जन्म देने वाले माता-पिता अस्पताल में बेसहारा छोड़कर चले गए, उसे अब सात समंदर पार एक नया परिवार मिलने जा रहा है। धार में जन्मे और इंदौर में परवरिश पाने वाले इस एक साल के बच्चे की जिंदगी में अब खुशियों की नई दस्तक होने वाली है। गंभीर बीमारियों से जूझते इस मासूम को अमेरिका का एक दंपति अपने परिवार का हिस्सा बनाने जा रहा है। वहां उसे माता-पिता के स्नेह के साथ दो भाई-बहनों का साथ भी मिलेगा।

ये भी पढ़ें: PM मोदी और नेपाल के PM बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर होगी चर्चा

इस बच्चे की कहानी बेहद भावुक कर देने वाली है। धार जिले में जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ था। जन्म के बाद ही दोनों की स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियां सामने आईं। बच्चों को थैलेसीमिया, सिकल सेल और हेपेटाइटिस बी व सी जैसी बीमारियों से जूझना पड़ रहा था। बच्चों की गंभीर स्थिति के बीच उनके माता-पिता उन्हें अस्पताल में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद दोनों बच्चों को धार जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। लेकिन जिंदगी की जंग में एक बच्चे को हार का सामना करना पड़ा और उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे मासूम ने तमाम मुश्किलों के बावजूद हिम्मत नहीं हारी। इलाज के बाद उसे संजीवनी सेवा संस्था में देखरेख के लिए रखा गया।

ये भी पढ़ें: सबरीमाला में अब नदी में कपड़े फेंकना पड़ेगा महंगा, पकड़े जाने पर लगेगा ₹5,000 तक जुर्माना

अमेरिका के दंपति ने अपनाने की जताई इच्छा

मासूम को नया परिवार दिलाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) के माध्यम से प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान अमेरिका में रहने वाले एक दंपति ने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई। खास बात यह है कि दंपति पहले से दो बच्चों के माता-पिता हैं। इसके बावजूद उन्होंने इस मासूम को भी अपने परिवार में शामिल करने का फैसला किया है। अब बच्चे को ऐसा घर मिलने जा रहा है, जहां उसे माता-पिता के प्यार के साथ भाई-बहन का साथ भी मिलेगा।कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चे को गोद देने की प्रक्रिया को स्वीकृति दे दी है। फिलहाल महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद पासपोर्ट और वीजा से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

ये भी पढ़ें: MP Police Constable Exam 2026 स्थगित, 7500 पदों पर भर्ती परीक्षा टली; 9.76 लाख उम्मीदवारों को नई तारीख का इंतजार

एक साल तक चली कागजी और कानूनी मशक्कत

बच्चे को विदेशी परिवार तक पहुंचाने की राह आसान नहीं थी। इसके लिए पिछले करीब एक साल से कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी। बच्चे की स्थिति, दस्तावेजों और गोद देने से संबंधित सभी औपचारिकताओं को पूरा करने में विभागीय कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विभागीय कर्मचारी अविनाश यादव और संजीवनी सेवा के राहुल कोली ने दस्तावेज तैयार कराने से लेकर अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा कराने में सहयोग किया। वहीं, आफा संस्था ने भी विदेशी दंपति को बच्चा गोद दिलाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें: अमेरिका-चीन को टक्कर दिए बिना AI का बादशाह बन सकता है ये देश, नाम जानकर हो जाएंगे हैरान

दिल्ली से इंदौर आएंगे नए माता-पिता

सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अमेरिकी दंपति पहले दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे इंदौर आकर बच्चे से मुलाकात करेंगे। मुलाकात और गोद लेने से जुड़ी शेष प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मासूम अपने नए माता-पिता के साथ अमेरिका रवाना होगा।अमेरिका पहुंचने के बाद वहां के कानून के आर्टिकल 5 और 17 के तहत नागरिकता संबंधी प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इस तरह इंदौर में अब तक संस्था की देखरेख में रह रहा बच्चा जल्द ही अपने नए परिवार के बीच जीवन की नई शुरुआत करेगा।

ये भी पढ़ें: एशिया पावर इंडेक्स में तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत, रूस-जापान को पछाड़ा; PM मोदी भी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता

अब तक 30 बच्चों को विदेशों में मिला नया परिवार

विभागीय जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 30 बच्चों को विदेशों में गोद दिया जा चुका है। इनमें जर्मनी, इटली, फ्रांस और अमेरिका सहित कई देशों के परिवार शामिल हैं। ऐसे बच्चों को विदेशों में नए माता-पिता और परिवार का साथ मिल रहा है।विदेशी परिवारों द्वारा गोद लिए गए बच्चों की देखरेख और उनकी स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। इसके तहत हर छह महीने में फॉलोअप रिपोर्ट देना अनिवार्य होता है। रिपोर्ट में बच्चे के स्वास्थ्य, देखभाल और पारिवारिक वातावरण की जानकारी तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts