इंदौर में फायरिंग के बाद शूटरों का शातिर खेल! कपड़े बदलकर बाइक से फरार, पुलिस के हाथ अब तक खाली

इंदौर। गोधा एस्टेट के मालिक मनीष गोधा के ऑफिस पर हुई सनसनीखेज फायरिंग के मामले में पुलिस अब तक खाली हाथ है। गांधी नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त एसआइटी बदमाशों की तलाश में जुटी है, लेकिन शूटरों ने वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि उनकी पहचान करना चुनौती बन गया है। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं, जो वारदात के बाद कपड़े बदलकर बाइक से फरार हुए।
हेलमेट लगाकर बदली पहचान, पुलिस को दिया चकमा
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों से पुलिस को केवल एक संदिग्ध का फुटेज मिला है। वहीं, सुपर कॉरिडोर पर लगे कैमरों में दो संदिग्ध बाइक से जाते दिखाई दिए। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। खास बात यह है कि वारदात के बाद उन्होंने अपने कपड़े भी बदल लिए थे, ताकि पुलिस को उनके हुलिए के आधार पर पकड़ने में मुश्किल हो। पुलिस अब अलग-अलग स्थानों के कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
ये भी पढ़ें: अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन, हेमंत सोरेन ने जताया दुख; आज जमशेदपुर में होगा अंतिम संस्कार
कैमरे बंद होने से जांच की कड़ी टूटी
पुलिस के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि घटनास्थल और आसपास के कुछ कैमरे बंद मिले हैं। इसके चलते बदमाशों के आने-जाने का पूरा रूट सामने नहीं आ पा रहा है। एसआइटी उपलब्ध फुटेज के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों और भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़ें: इंदौर की कृष्णा बाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई, 42 मकान हटाए जाएंगे; अब तक 20 से ज्यादा ध्वस्त
10 महीने पहले लॉरेंस गैंग के हैंडलर ने दी थी धमकी
एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया के अनुसार, मनीष गोधा गांधी नगर क्षेत्र में रहते हैं। करीब 10 महीने पहले लॉरेंस गैंग के हैंडलर हैरी बाक्सर ने उन्हें धमकाकर रुपयों की मांग की थी। हालांकि, उस समय मनीष गोधा ने थाने में इसकी एफआइआर दर्ज नहीं करवाई थी। अब ऑफिस पर हुई फायरिंग के बाद पुलिस इस पुराने धमकी प्रकरण को भी जांच से जोड़कर देख रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे लॉरेंस गैंग की भूमिका की आशंका की जांच की जा रही है।




















