कटनी में नाबालिगों के साथ बर्बरता, पैरों में नाक रगड़वाई; मारपीट का VIDEO VIRAL

मध्य प्रदेश के कटनी में पुरानी रंजिश के चलते नाबालिगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने नाबालिगों की बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, एक नाबालिग को घुटनों के बल बैठाकर आरोपियों ने अपने पैरों में उसकी नाक भी रगड़वाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास शराब दुकान के सामने का बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने नाबालिगों को निशाना बनाया।
नाबालिग को घुटनों के बल बैठाकर की बेइज्जती
आरोप है कि अंकित नाम का युवक, जो हरिजन बस्ती बस स्टैंड के पीछे का निवासी बताया जा रहा है, कुछ अन्य युवकों के साथ मारपीट में शामिल था। आरोपियों ने पहले एक नाबालिग की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे घुटनों के बल बैठाकर अपने पैरों में नाक रगड़वाई। इस दौरान अन्य युवकों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी और चर्चा का माहौल है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी में पुलिस की कार्रवाई या आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है।




















