इंदौर की कृष्णा बाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई, 42 मकान हटाए जाएंगे; अब तक 20 से ज्यादा ध्वस्त

मध्य प्रदेश के इंदौर में कृष्णा बाग कॉलोनी में प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई जारी है। यहां सर्वे नंबर 101 की जमीन पर बने करीब 42 मकानों को हटाया जाना है। अब तक 20 से अधिक मकानों को हटाया जा चुका है, जबकि बाकी मकानों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के पालन में की जा रही है।
हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही कार्रवाई
एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के तहत सर्वे नंबर 101 की भूमि पर बने मकानों को हटाया जा रहा है। इस कार्रवाई के दायरे में कुल 42 मकान हैं। इनमें से 20 से अधिक मकानों को हटाया जा चुका है।
कार्रवाई से पहले रहवासियों को दी गई थी सूचना
एसडीएम के मुताबिक, कार्रवाई से पहले रहवासियों को कई बार सूचना दी गई थी। रविवार को भी लोगों को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद अधिकांश रहवासियों ने अपने घरों से सामान खाली कर लिया था।
कार्रवाई के दौरान किसी तरह की विपरीत स्थिति नहीं बनी। शुरुआत में कुछ लोगों ने नाराजगी जताई, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार की जा रही है।




















