ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 8 साल पुराने मानहानि मामले में कोर्ट का आदेश

आठ साल पुराने मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। साकेत कोर्ट ने सोमवार को उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इससे पहले अदालत ने जमानती वारंट जारी किया था। यह मामला मई 2018 में उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ से जुड़ा है।
कोर्ट में पेश नहीं होने पर जारी हुआ वारंट
जानकारी के मुताबिक, साकेत कोर्ट ने 15 अक्टूबर को समन जारी कर ध्रुव राठी को दो दिन के भीतर पेश होने का निर्देश दिया था। उस समय वह सीजेपी आंदोलन के सिलसिले में भारत में थे। हालांकि, 17 अक्टूबर को ध्रुव राठी की ओर से पेश हुए अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि वह लंदन चले गए हैं और इस वजह से व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश नहीं हो सकते। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। अब मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।
Instagram पर मोदी सरकार की बढ़ी मुश्किलें, सौरव दास का पलटवार, कहा - 'डरो, बहुत ज्यादा डरो...'
‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ वीडियो से जुड़ा है मामला
यह मानहानि मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ वीडियो से संबंधित है। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए थे, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। इस मामले में अरविंद केजरीवाल ने वीडियो को रीट्वीट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी, जबकि ध्रुव राठी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही जारी रही।
गुरुग्राम स्थित आवास पर चस्पा किया गया था समन
साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने 12 अक्टूबर को शिकायतकर्ता की अर्जी पर सुनवाई के बाद नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया था। अदालत को बताया गया था कि ध्रुव राठी आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं और फिलहाल भारत में मौजूद हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता को प्रक्रिया सर्वर के साथ जाकर समन तामील कराने की अनुमति दी गई थी। आरोप है कि ध्रुव राठी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित उनके आवास के बाहर समन चस्पा किया गया था।




















