Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में 15 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान

मध्य प्रदेश के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी से भोपाल समेत कई शहरों में ठंड बढ़ गई है।
MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में 15 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान
मध्य प्रदेश में बदला मौसम

मध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। पूर्वी हिस्से में लो प्रेशर एरिया और ट्रफ के असर से बादल छाने के साथ बारिश की गतिविधियां जारी हैं, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, कई शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश हो सकती है। वहीं, जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम हिस्से में सक्रिय चक्रवात का असर भी कुछ जिलों में देखने को मिल सकता है। रविवार को भी प्रदेश के करीब आधे हिस्से में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बारिश हुई।

इन शहरों में सबसे कम रहा रात का तापमान

प्रदेश में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच कई शहरों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शाजापुर के गिरवर में सबसे कम 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

MP weather

अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा-

बैतूल – 11.7 डिग्री

नौगांव (छतरपुर) – 13.2 डिग्री

मरुखेड़ा (नीमच) – 13.4 डिग्री

खरगोन – 13.4 डिग्री

नरसिंहपुर – 13.4 डिग्री

ग्वालियर – 13.5 डिग्री

रतलाम – 14.2 डिग्री

भोपाल – 14.6 डिग्री

धार – 14.8 डिग्री

MP में क्यों बदल रहा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां हो रही हैं। दूसरी ओर, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं प्रदेश की ओर आ रही हैं। इससे तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ रही है। कई शहरों में अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इस वजह से दिन के समय भी ठंड का अहसास हो रहा है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड का असर बना रहेगा। वहीं, मौजूदा मौसम प्रणालियों के आगे बढ़ने के बाद तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts