India Block VP Candidate: विपक्ष आज करेगा उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम का ऐलान? रेस में हैं ये 3 नाम

India Block VP Candidate: विपक्ष आज करेगा उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम का ऐलान? रेस में हैं ये 3 नाम
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। देश के दूसरे सबसे बड़े संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। उम्मीद है कि मंगलवार को नाम का ऐलान किया जा सकता है।

    NDA का दांव- तमिलनाडु से सीपी राधाकृष्णन

    17 अगस्त को बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया। वे तमिलनाडु से आते हैं और आरएसएस से जुड़े रहे हैं। राजनीतिक करियर में वे कोयम्बटूर से सांसद रह चुके हैं और राज्य में भाजपा संगठन को भी संभाल चुके हैं।

    इस समय वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और इससे पहले झारखंड, तेलंगाना और पुडुचेरी का भी प्रभार संभाल चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष से भी उनके लिए समर्थन मांगा है।

    INDIA ब्लॉक की तैयारी – किसके नाम पर बनेगी सहमति?

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी दलों की अहम बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद उम्मीदवार के नाम की घोषणा होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष गैर-राजनीतिक और सम्मानजनक छवि वाले चेहरे को सामने लाना चाहता है। जिन नामों पर चर्चा हो रही है, उनमें –

    • मैलस्वामी अन्नादुरई (पूर्व इसरो वैज्ञानिक, चंद्रयान-1 के प्रोजेक्ट डायरेक्टर)
    • तिरुचि सिवा (डीएमके सांसद, राज्यसभा सदस्य)
    • तुषार गांधी (महात्मा गांधी के परपोते और इतिहासकार)
    • साथ ही महाराष्ट्र से एक दलित बुद्धिजीवी का नाम भी शामिल है।

    ‘संविधान बनाम सत्ता’ की लड़ाई 

    INDIA गठबंधन की रणनीति है कि इस चुनाव को महज एक पद की लड़ाई नहीं, बल्कि “लोकतंत्र और संविधान की रक्षा” के मुद्दे से जोड़ा जाए। तुषार गांधी या किसी वैज्ञानिक का नाम सामने आना इसी सोच को दर्शाता है, ताकि मुकाबला वैचारिक रूप से भाजपा के खिलाफ खड़ा किया जा सके।

    उपराष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया

    • मतदाता सिर्फ सांसद होते हैं- लोकसभा और राज्यसभा के कुल 782 सदस्य।
    • जीतने के लिए 391 सांसदों का समर्थन जरूरी है।
    • उम्मीदवार को नामांकन के लिए 20 सांसदों का प्रस्ताव और 20 का समर्थन चाहिए।
    • वोटिंग में सांसद प्रत्याशियों को प्राथमिकता क्रम में नंबर देते हैं।
    • एक ही उम्मीदवार होने पर निर्विरोध चुनाव हो जाता है।
    • इस बार वोटिंग 9 सितंबर को होगी।

    ‘दक्षिण बनाम दक्षिण’ मुकाबला?

    दिलचस्प बात यह है कि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं और विपक्ष भी अपने उम्मीदवार के लिए दक्षिण भारत के किसी बड़े चेहरे पर विचार कर रहा है। ऐसे में मुकाबला ‘दक्षिण बनाम दक्षिण’ होने की संभावना है।

    NDA का पलड़ा भारी

    लोकसभा और राज्यसभा में एनडीए के पास कुल 422 सांसदों का समर्थन है, जबकि बहुमत के लिए केवल 391 की जरूरत है। पिछली बार 2022 में एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को 528 वोट मिले थे। ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि सीपी राधाकृष्णन की जीत सुनिश्चित है।

    ये भी पढ़ें: NDA उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने की पीएम मोदी से मुलाकात, प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts