Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Venezuela Earthquake:अब तक 164 लोगों की मौत, लाखों में पहुंच सकता है आंकड़ा

वेनेजुएला में 39 सेकेंड के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भीषण भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अब तक 164 लोगों की मौत और 971 के घायल होने की पुष्टि हुई है। कई इमारतें ढह गईं, कराकस एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा जिसके बाद सरकार ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है।
अब तक 164 लोगों की मौत, लाखों में पहुंच सकता है आंकड़ा

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। महज 39 सेकेंड के अंतराल में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आने से कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। समाचार एजेंसी AP के अनुसार इस आपदा में अब तक 164 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 971 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

39 सेकेंड में आए दो बड़े झटके

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 6:04 बजे 7.2 तीव्रता का दर्ज किया गया। इसके ठीक 39 सेकेंड बाद शाम 6:05 बजे 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भूकंप के बाद करीब एक मिनट तक धरती लगातार कांपती रही। इसके बाद भी 20 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है।

कई शहरों में इमारतें गिरीं

दोनों भूकंपों का केंद्र राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में बताया गया है। झटकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई इमारतें गिर गईं, जबकि कई भवन खतरनाक तरीके से झुक गए। कराकस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा भी ढह गया जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल गया। कई सड़कों पर दरारें पड़ने और बिजली व्यवस्था बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं।

ये भी पढ़ें: भोपाल: करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लाइनमैन पर लगाए लापरवाही के आरोप

राष्ट्रीय अवकाश के दिन आई आपदा

भूकंप ऐसे समय आया जब पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश था। स्पेन के खिलाफ 1821 की ऐतिहासिक जीत की वर्षगांठ के कारण स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद थे। अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

126 साल का सबसे शक्तिशाली भूकंप

विशेषज्ञों के अनुसार यह वेनेजुएला में पिछले 126 वर्षों का सबसे बड़ा भूकंप माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। भूकंप के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। राहत और बचाव दलों को प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें: कर्नाटक : ED ने आबकारी के ठिकानों पर मारे छापे, करोड़ों रुपए कैश, ज्वैलरी और विदेशी करेंसी की जब्त

मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

USGS ने प्रारंभिक आकलन में चेतावनी दी है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। एजेंसी के अनुमान के अनुसार 10 हजार से अधिक लोगों के मारे जाने की 44 प्रतिशत संभावना है जबकि अत्यधिक नुकसान की स्थिति में एक लाख तक मौतों की 30 प्रतिशत आशंका जताई गई है। राहत एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं और प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है।

बिजली-गैस आपूर्ति प्रभावित, 20 करोड़ डॉलर का राहत कोष घोषित

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप के बाद कई प्रभावित इलाकों में बिजली और गैस आपूर्ति बाधित हो गई है। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के बीच राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। वेनेजुएला सरकार ने क्षतिग्रस्त सड़कों, अस्पतालों और अन्य बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए शुरुआती तौर पर 20 करोड़ डॉलर के पुनर्निर्माण कोष की घोषणा की है। सरकारी एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रही हैं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts