एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में मस्क ने कहा - जेन्सेन हुआंग के साथ काम करना सम्मान वाली बात होगी

न्यूयॉर्क। एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के लिए मुश्किल समय चल रहा है। चीनी जासूस ऐलिस हुआंग के साथ अपने अफेयर की बात कबूलने के बाद जेन्सेन के लिए हालात और खराब हो गए हैं। एनवीडिया अपने फाउंडर CEO को जल्द ही पद से हटा सकती है। इस बीच उनका एक नया अफेयर भी सामने आ गया है। इन ऐसा लगता है कि इस मुश्किल समय में एलन मस्क उनके साथ खड़े होने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें: Nvidia CEO Jensen Huang का एक और अफेयर! कंपनी की महिला VP Kimberly Powell से रिश्तों का दावा
मुश्किलें बढ़ीं- दूसरा अफेयर भी सामने आया
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार जेन्सेन हुआंग का एनवीडिया की हेल्थकेयर VP किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी अफेयर चल रहा था। बताया जाता है कि इस साल मार्च में एक कॉन्फ्रेंस के दौरान, सैन होजे के एक होटल में दोनों को साथ पलों में देखा गया था। इसका वीडियो भी रिकॉर्ड हो गया था।
सोशल मीडिया पर किया समर्थन
हुआ यह कि X पर एक यूजर ने एलन मस्क से गुजारिश की कि वे जेन्सेन हुआंग को काम पर रख लें। एनवीडिया प्रमुख का करियर अब अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। इस पर स्पेसएक्स (SpaceX) और टेस्ला (Tesla) जैसी कई कंपनियों को चलाने वाले एलन मस्क ने तुरंत अपनी सहमति दे दी। उन्होंने जवाब दिया- यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी।
दोनों में काफी पुराना रिश्ता है
दोनों ने कई सालों तक एक साथ काम किया है। साल 2016 में जब मस्क ओपनएआई (OpenAI) का हिस्सा थे तब उन्होंने एनवीडिया के AI सुपरकंप्यूटर, एनवीडिया DGX-1 को सबसे पहले खरीदा था। उस समय जेन्सेन हुआंग खुद सैन फ्रांसिस्को स्थित ओपनएआई के ऑफिस पहुंचे और मस्क को पहली यूनिट सौंपी थी।
पहले भी कर चुके हैं समर्थन
एलन मस्क ने जेन्सेन हुआंग का पहले भी समर्थन किया था। जब हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को भेजे गए एक इंटरनल मेमो में पहली बार इस अफेयर को स्वीकार किया था। उस समय मस्क ने एक ऐसी पोस्ट का समर्थन किया था जिसमें कहा गया था कि हुआंग ने बहुत बड़ी बेवकूफी की है। लेकिन उनका कोई बुरा इरादा नहीं था। उस पोस्ट में मस्क ने हुआंग को इस पीढ़ी के सबसे महान उद्यमियों में से एक और अमेरिका के AI नेतृत्व के लिए अपरिहार्य बताया गया था। मस्क ने उस पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा था- मैं सहमत हूं।
ट्रंप ने भी किया था समर्थन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अब तक जेन्सेन हुआंग का बचाव किया है। ट्रंप ने एनवीडिया के CEO को एक सम्माननीय व्यक्ति बताया और कहा कि उन्होंने अमेरिका के लिए बहुत शानदार काम किया है। उन्होंने कहा, "मैं बस इतना जानता हूं कि वह एक अच्छे इंसान हैं... मुझे नहीं लगता कि उन्होंने कुछ भी गलत किया है।




















